Tim David Longest IPL Six: चेन्नई सुपर किंग्स और मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच आयोजित हुए आईपीएल 2026 के 11वें मैच में दोनों ही टीमों ने 200 रन का आंकड़ा पार किया लेकिन अंत में जीत बेंगलुरू की हुई। इस दौरान बेंगलुरू के ऑस्ट्रेलियाई स्ट्रोक मास्टर टिम डेविड ने एक ऐसा छक्का मारा जो इस सीजन का सबसे लंबा छक्का साबित हुआ, यहां जानिए कितनी दूर गया ये सिक्सर और डेविड ने कितने रन बनाए।
बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 11वें मैच में मेजबान आरसीबी का सामना पांच बार की आईपीएल विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग्स से हुआ। इस मैच में मेहमान सीएसके टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम जब टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो उसका जो भी बल्लेबाज पिच पर आया, कुछ ना कुछ योगदान देकर ही लौटा। सबसे पहले ओपनर्स फिल सॉल्ट न और विराट कोहली ने 4.3 ओवर में 37 रनों की पार्टनरशिप की। विराट 28 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन सॉल्ट ने 30 गेंदों में 46 रनों की तेज पारी खेल डाली।
इसके बाद, तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए देवदत्त पडीक्कल ने 29 गेंदों में 50 रनों की तेज पारी को अंजाम दिया। जबकि चौथे नंबर पर आए कप्तान रजत पाटीदार ने भी रनों की गति को रुकने नहीं दिया और 19 गेंदों में नाबाद 48 रनों की पारी खेली। इस दौरान पाटीदार का साथ देने पिच पर उतरे ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने सबसे आकर्षक पारी खेल डाली।
सिंगापुर में जन्में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर टिम डेविड पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक लगा दिया। वो यहीं नहीं रुके, उन्होंने 25 गेंदों में नाबाद 70 रनों की तेज पारी खेली जिस दौरान उनके बल्ले से 8 गगनचुंबी छक्के और 3 चौके निकले। उन्हीं की पारी के दम पर आरसीबी ने 20 ओवर में सिर्फ 3 विकेट के नुकसान पर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
टिम डेविड ने 280 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 70 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने जेमी ओवरटन के एक ओवर में 30 रन मारे जिसमें 4 छक्के और 1 चौका शामिल था। इस ओवर की आखिरी गेंद पर लगाया गया छक्का सबसे यादगार रहा। डीप मिडविकेट पर खेला गया ये शॉट इतना करारा था कि गेंद स्टेडियम की छत से होते हुए बाहर जाकर गिरी। इस छक्के की दूरी 106 मीटर रही, जो आईपीएल 2026 का सबसे लंबा छक्का साबित हुआ।
इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास का सबसे लंबा छक्का दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर एल्बी मॉर्कल के नाम दर्ज है। मॉर्कल ने आईपीएल के पहले सीजन (2008) में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 125 मीटर का छक्का लगाया था, जो रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ सका है।
आरसीबी और चेन्नई के बीच हुए आईपीएल 2026 के इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 251 रनों का विशाल लक्ष्य था। शुरुआत में उनके तीन बल्लेबाज सस्ते में आउट हुए लेकिन सरफराज खान के अर्धशतक और निचले क्रम में कुछ बल्लेबाजों की पारियों के दम पर उन्होंने भी 200 का स्कोर पार किया। हालांकि 19.4 ओवर में आरसीबी ने चेन्नई को 207 रन पर ऑल-आउट किया और 43 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।