ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर अपने डगमगाते फॉर्म को लेकर विराट कोहली आलोचकों के निशाने पर हैं। इस बार विराट कोहली ने खुद इस चीज को लेकर बात की है और एक इंटरव्यू के दौरान गलती स्वीकार करते हुए कारण से पर्दा भी उठाया है। यहां आपको बताएंगे कि उन्होंने क्या कुछ कहा है।
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा शानदार अंदाज में शुरू हुआ था जब पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए सीरीज में बढ़त बनाई थी, लेकिन उसके बाद से मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जोरदार वापसी की और दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। वहीं, तीसरा टेस्ट किसी तरह भारत ने ड्रॉ कराया। अब मेलबर्न में अहम चौथा टेस्ट मैच जारी है।
पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन की तुलना में भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज दूसरे और तीसरे टेस्ट में पूरी तरह से फ्लॉप होते नजर आए। इनमें सबसे ज्यादा नजरें विराट कोहली पर टिकी थीं जिन्होंने पहले मैच में शतक लगाया था। विराट लगातार ऑफ स्टंप पर बाहर की ओर जाती गेंदों पर आउट होते नजर आ रहे हैं।
विराट कोहली ने माना है कि वो अनुशासित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। फॉक्स स्पोर्ट्स को दिए ताजा इंटरव्यू में कोहली ने कहा- पिछली दो तीन पारियां वैसी नहीं रही जैसी मैं चाह रहा था। मैं अनुशासित प्रदर्शन नहीं कर पा रहा हूं । टेस्ट क्रिकेट में इस तरह की चुनौती आती रहती हैं।
कोहली ने अपने इस बिगड़ते फॉर्म की वजह पर बात करते हुए कहा- पिछली बार जब हमने यहां खेला था उसकी तुलना में पिचें काफी तेज हैं। इसके लिये अलग तरीके से खेलना होगा और मुझे अलग तरह की चुनौतियों का सामना करने में आनंद आता है।
इस इंटरव्यू में विराट ने ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों पर आउट होने के सवाल पर कहा- पिच पर जमने की जरूरत है और एक बार क्रीज पर जमने के बाद अपना स्वाभाविक खेल दिखाना होगा। इन हालातों का सम्मान करना भी जरूरी है।
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में 5 और नाबाद 100 रन की पारियां खेली थीं। उसके बाद दूसरे टेस्ट में वो 7 और 11 रन ही बना सके। जबकि तीसरे टेस्ट में ब्रिसबेन के मैदान पर वो 3 रन बनाकर ही आउट हो गए थे।