मेलबर्न में चल रहे भारत-ऑस्ट्रेलिया चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पहले दिन जहां शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर भारत को बैकफुट पर ढकेला था, वहीं दूसरे दिन स्टीव स्मिथ ने अपने पचासे को शतक में तब्दील करके नया इतिहास रचा। स्मिथ ने क्या रिकॉर्ड बनाए, आइए यहां जानते हैं।
टीम इंडिया और मेजबान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज के चौथे टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 474 रनों पर समाप्त हुई।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से उनकी पहली पारी में जहां टॉप ऑर्डर के तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए, वहीं स्टीव स्मिथ ने दूसरे दिन की सुबह अपने अर्धशतक को सेंचुरी में बदलकर नया इतिहास रचा।
स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में 197 गेंदों का सामना करते हुए 140 रनों की लाजवाब पारी खेली। इस दौरान इस शानदार खिलाड़ी के बल्ले से 13 चौके और 3 छक्के निकले।
स्टीव स्मिथ ने अपने टेस्ट करियर का 34वां शतक लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट इतिहास के चार महान पूर्व खिलाड़ियों की बराबरी कर ली है। वो सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने वालों की लिस्ट में अब भारत के सुनील गावस्कर, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा, पाकिस्तान के यूनिस खान और श्रीलंका के महेला जयवर्धने के बराबर पहुंच गए हैं।
इसके साथ ही स्टीव स्मिथ ने अपने टेस्ट क्रिकेट करियर में अब 9949 रन पूरे कर लिए हैं और अब वो 10 हजार टेस्ट रन बनाने वालों के खास क्लब में शामिल होने से सिर्फ 51 रन दूर हैं।
स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में दूसरा शतक लगाया है। इसके साथ ही वो इस सीरीज में ट्रेविस हेड के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। इससे पहले स्मिथ ने ब्रिसबेन में खेले गए तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 101 रन बनाए थे।