आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने अपने 13 साल के लंबे पहले मैच में जीत के इंतजार को खत्म कर दिया है। 19वें सीजन में अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर अपना ओपनिंग मुकाबला जीता। साल 2013 में आखिरी बार मुंबई ने अपना ओपनिंग आईपीएल मैच जीता था।
वानखेडे़ में खेले गए आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस की जीत में रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने बड़ी भूमिका निभाई। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 रन का चुनौती पूर्ण लक्ष्य रखा था।
221 रन से लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा और रयान रिकल्ट ने तूफानी बल्लेबाजी की। दोनों ने 71 गेंद में 148 रन की साझेदारी कर मुंबई की जीत की नींव रख दी। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए।
तेज खेलते हुए रोहित शर्मा ने आईपीएल में अपनी सबसे तेज फिफ्टी पूरी की। साथ ही आईपीएल में 50वां अर्धशतक भी पूरा किया। हिटमैन रोहित शर्मा ने 23 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले साल 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 25 बॉल पर अर्धशतक जड़ा था। वह 38 गेंद पर 78 रन बनाकर आउट हुए।
इन 78 रनों की मदद से रोहित शर्मा ने विराट कोहली को 24 घंटे के अंदर ही पीछे छोड़ दिया। दरअसल, रोहित शर्मा एक ही मैदान पर लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक रन और सर्वाधिक बार 50 प्लस का स्कोर बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
रोहित शर्मा ने वानखेड़े में लक्ष्य का पीछा करते हुए अब तक कुल 1343 रन बनाए हैं। वहीं, विराट कोहली एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रन चेज करते हुए 1288 रन बना चुके हैं। रोहित शर्मा ने वानखेड़े में रन चेज करते हुए 11वीं बार 50 या उससे ज्यादा की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली बेंगलुरु में 10 बार रन चेज करते हुए 50 या उससे ज्यादा का आंकड़ा पार कर चुके हैं। 28 मार्च को कोहली ने यह कारनामा किया था।
कोलकाता की तरफ से कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने अर्धशतकीय पारी खेली। रिंकू सिंह (33) और फिन एलन (37) ने छोटी-छोटी पारियां खेल टीम को 200 के पार पहुंचाया था। शार्दुल ठाकुर ने मुंबई के लिए सर्वाधिक विकेट चटकाए। इसके जवाब में मुंबई ने 19.1 ओवर में चार विकेट गंवाकर मैच जीत लिया।