क्विंटन डिकॉक ने जैसे ही न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना खाता चौके के साथ खोला वो अंतरराष्ट्रीय टी20 में तीन हजार रन पूरे करने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बन गए। ये उपलब्धि उन्होंने अपने करियर के 105वें मैच की 104वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए हासिल की।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में डिकॉक ने 14 गेंद में 20 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का जड़ा। डिकॉक ने पहले विकेट के लिए एडेन मार्करम के साथ 18 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। लॉकी फर्ग्युसन ने डिकॉक को बोल्ड करके उनकी पारी का अंत किया।
क्विंटन डिकॉक अंतरराष्ट्रीय टी20 में 3 हजार रन के आंकड़े को पार करने वाले 13वें बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, बाबर आजम, जोस बटलर, पॉल स्टर्लिंग, मार्टिन गप्टिल, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम, डेविड वॉर्नर, वीरनदीप सिंह, सूर्यकुमार यादव, आरोन फिंच ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
क्विंटन डिकॉक अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे कम गेंद में 3 हजार रन पूरे करने वाले पांचवे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं। डिकॉक ने 2106 गेंद का सामना करके तीन हजार रन पूरे किए। इस सूची में पहले पायदान पर सूर्यकुमार यादव(1822), दूसरे पर यूएई के मोहम्मद वसीम(1947), तीसरे पर जोस बटलर(2068) और चौथे पर आरोन फिंच (2078) हैं।
क्विंटन डिकॉक अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे तेज गति से तीन हजार रन बनाने वाले बांए हाथ के बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में डिकॉक ने डेविड वॉर्नर को 7 गेंद के अंतर से पीछे छोड़ा। डिकॉक ने 2106 गेंद का सामना करते हुए तीन हजारी बने हैं वहीं वॉर्नर ने 2113 गेंद में ये उपलब्धि हासिल की है।
क्विंटन डिकॉक के खाते में 105 मैच की 105 पारी में 31.76 के औसत और 142.42 के स्ट्राइक रेट से 3018 रन दर्ज हो चुके हैं। इसमें 2 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। 115 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
टी20 विश्व कप 2026 में क्विंटन डिकॉक शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अबतक खेले तीन मैच की तीन पारी में 34.66 के औसत और 135.06 के स्ट्राइक रेट से 104 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक शामिल है। 77 उनका टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।