T20 क्रिकेट में मैच कब पलट जाए ये पता नहीं होता लेकिन कोई खिलाड़ी जो पिछले साल तक सिक्सर किंग बुलाया जाता था, अब वो एक-एक रन को तरसने लगे तो हैरानी जायज है। उससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात है पूरन ने पिछले आईपीएल मैच में जो किया, अब उनके नाम एक ऐसा अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है जिसे देखकर आप भी सोच में पड़ जाएंगे।
लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रविवार शाम खेले गए आईपीएल 2026 के मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिंकू सिंह (नाबाद 83 रन) के बदौलत 7 विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम अंतिम गेंद तक पहुंची जहां मोहम्मद शमी ने छक्का लगाकर मैच टाई करा दिया।
जब सुपर ओवर की बारी आई तो लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। गेंद कोलकाता के कैरेबियाई स्पिनर सुनील नरेन के हाथों में थी। सामने थे निकोलस पूरन और एडेन मार्करम। पहली ही गेंद पर नरेन ने पूरन को बोल्ड कर दिया। दूसरी गेंद पर नए बल्लेबाज व कप्तान ऋषभ पंत ने 1 रन लिया और तीसरी गेंद पर मार्करम बाउंड्री पर पॉवेल-रिंकू के एक शानदार वॉली कैच का शिकार हो गए। जिससे लखनऊ की टीम सुपर ओवर में सिर्फ 1 रन ही बना सकी जो आईपीएल इतिहास में सबसे छोटा सुपर ओवर का नया रिकॉर्ड बना।
जब कोलकाता की टीम जवाब देने उतरी तो उन्हें सिर्फ 2 रनों की जरूरत थी। मैच के दौरान नाबाद 83 रनों की आक्रामक पारी खेल चुके केकेआर के उपकप्तान रिंकू सिंह स्ट्राइक पर आए और पहली ही गेंद को चौके के लिए भेजते हुए केकेआर को जीत दिला दी।
इस दौरान सुपर ओवर में पहली ही गेंद पर आउट हुए वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन ने एक अजीब वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वो टी20 क्रिकेट में सुपर ओवर में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं।
कोई भी ये जानकर चौंक जाएगा कि पिछले दो-तीन सालों में टी20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक बल्लेबाज माने जाने वाले निकोलस पूरन सुपर ओवर के सबसे फ्लॉप खिलाड़ी बन चुके हैं। अब तक इस खिलाड़ी ने आईपीएल सहित दुनिया भर की तमाम टी20 लीग मिलाकर 5 बार सुपर ओवर में बल्लेबाजी की है। इन पांच मौकों पर उनका स्कोर इस प्रकार रहा है- 0 रन (5 गेंदों में), 0 रन (पहली बॉल पर आउट), 0 रन (पहली बॉल पर आउट), 1 रन (दूसरी गेंद पर आउट) और कोलकाता के खिलाफ फिर 0 रन (पहली गेंद पर आउट)। यानी उन्होंने अपने टी20 करियर में सुपर ओवर में सिर्फ 10 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 1 रन ही बना पाए हैं। पांचों बार वो आउट हुए जिसमें तीन बार पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए।
वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन ने आईपीएल 2026 में अब तक लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सभी 8 मैचों में बल्लेबाजी की है। इन मैचों में उन्होंने 10.25 के औसत से कुल 82 रन बनाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 22 रन की पारी रहा है। अब तक वो सिर्फ 4 छक्के और 5 चौके लगा सके हैं। उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 81.19 है। जबकि पिछले साल उनके बल्ले से 524 रन निकले थे, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल थे और उन्होंने उस सीजन में रिकॉर्ड 40 छक्के और 45 चौके लगाए थे।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने निकोलस पूरन को 21 करोड़ रुपये में इसलिए अपनी टीम में बरकरार रखा था क्योंकि वो टी20 लीग क्रिकेट के सबसे शानदार बल्लेबाजों में माने जाते रहे हैं। लेकिन इस बार आईपीएल में ना जाने उनको क्या हो गया है। टी20 क्रिकेट में उनके आंकड़े वाकई लाजवाब हैं। वो टी20 क्रिकेट में 424 पारियां खेलते हुए 146.99 के स्ट्राइक रेट से 10,453 रन बना चुके हैं। इसमें 4 सेंचुरी और 63 हाफ-सेंचुरी शामिल हैं। उनके बल्ले से टी20 क्रिकेट में अब तक 716 छक्के और 696 चौके आए हैं।