टीम इंडिया और पाकिस्तान क्रिकेट टीम एशिया कप के 41 सालों में पहली बार फाइनल खेलने उतरी थीं, वो अलग बात है कि इसी टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को फाइनल से पहले दो बार मात दे दी थी। फाइनल में भी नतीजा वही रहा और भारत चैंपियन बन गया, लेकिन असली मैच विनर खिलाड़ी कौन थे इस पर बहस की जा सकती है क्योंकि कहानी यहां थोड़ी छुप सी गई है।
अगर भारत-पाक फाइनल की बात करें तो पाकिस्तान क्रिकेट टीम द्वारा दिए गए 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक वर्मा ने मुश्किल स्थिति में 53 गेंदों पर नाबाद 69 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा दो कैच भी लपके थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया लेकिन क्या असल में वही जीत के सबसे बड़े हीरो थे। आइए जानते हैं कि असल नायक कौन थे।
एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी थी। पाकिस्तान के ओपनर्स ने एक समय पर बिना कोई विकेट खोए 9.3 ओवर में 84 रन बना लिए थे। उसके बाद पहला विकेट गिरा। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने ये पार्टनरशिप तोड़ दी। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए पार्टनरशिप पनपने लगी थी और फखर जमां-सइम अयूब की जोड़ी स्कोर को तेजी से आगे ले जाते हुए 113 रन तक पहुंच गए थे। तब इस बार स्पिनर कुलदीप यादव आगे आए और सइम अयूब को आउट करके ये साझेदारी भी तोड़ दी।
पाकिस्तान की टीम 13वें ओवर की पांचवीं गेंद तक 113 रन बना चुकी थी और दो ही विकेट गिरे थे। अभी भी उनके पास कई बल्लेबाज मौजूद थे जो इस रनों की रफ्तार को फिर से तेजी दे सकते थे लेकिन एक ही रन बना था तभी स्पिनर अक्षर पटेल ने मोहम्मद हारिस को आउट करके पाकिस्तान को हैरान-परेशान कर दिया। अब स्कोर 114/3 हो चुका था। अब भी अनुभवी बल्लेबाज फखर जमां खतरा बने हुए थे।
कुछ ही रन और बने कि 14.4 ओवर में 126 के स्कोर पर स्पिनर वरुण चक्रवर्ती फिर एक्शन में आए और अब उन्होंने 46 रन बनाकर सबसे मजबूत नजर आ रहे फखर जमां को आउट करके पाकिस्तान की रीढ़ की हड्डी तोड़ने का काम किया।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव टूर्नामेंट में लगातार अच्छी गेंदबाजी करते हुए आए थे और फाइनल में भी उनसे बड़े धमाल की उम्मीद थी। पाकिस्तान ने 126 पर 4 विकेट गंवा दिए थे। तब तक कुलदीप 1 विकेट ले चुके थे। बीच में कुछ विकेट गिरे लेकिन अभी भी पाकिस्तान के पास विकेट थे और समय भी था कि वे स्कोर को 200 के करीब ले जा सके, लेकिन कुलदीप यादव ने 17वें ओवर में पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। इस ओवर में उन्होंने पहली गेंद पर कप्तान सलमान आगा, चौथी गेंद पर शाहीन अफरीदी और अंतिम गेंद पर फहीम अशरफ को आउट करके पाकिस्तान का स्कोर 134/8 कर दिया। अब बड़ा स्कोर नाममुमकिन हो चुका था।
जसप्रीत बुमराह आमतौर पर शुरुआती ओवरों में विरोधी टीम के बल्लेबाजों के हौलसे पस्त करने के लिए जाने जाते हैं लेकिन यहां भारतीय स्पिनर्स इतना हावी रहे कि बुमराह को अंतिम के दो विकेट ही मिले। उन्होंने मोहम्मद नवाज और हारिस रऊफ को आउट करते हुए पाकिस्तान की पारी अंतिम ओवर की पहली गेंद पर 6 रन के स्कोर पर समेट दी। वो भी कुल 146 रन पर।
अब आप सोचिए कि पाकिस्तान एक समय पर सिर्फ 1 विकेट खोकर 113 रन बना चुका था और सही से खेल पाता तो स्कोर 200 से ऊपर ही जाता। पाकिस्तान को ऐसा नहीं करने दिया उसका श्रेय पूरी तरह से भारतीय स्पिनर्स को जाता है, खासतौर पर कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को, जिन्होंने अहम विकेट लेकर ऐसी हालत कर दी कि पाकिस्तान ने 33 रन के अंदर 9 विकेट गिरा दिए।
भारत को 148 रन बनाने के लिए 19.4 ओवर तक संघर्ष करना पड़ गया, अगर भारतीय स्पिनर्स पाकिस्तान के रनों की रफ्तार को ना रोकते और उन्हें 147 रन तक सीमित नहीं करते तो स्कोर बहुत बड़ा बन सकता था। ऐसे में जब भारत ने 19.4 ओवर में जाकर 148 रन बनाए, तो सोचिए उन हालातों में क्या होता अगर स्कोर 200 पार होता। इसलिए मैच के असल गेम चेंजर और टर्निंग पोइंट लाने वाले खिलाड़ी मुख्य रूप से वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ही हैं।