23 साल बाद टेस्ट क्रिकेट खेलने ऑस्ट्रेलिया पहुंची बांग्लादेश की टीम ने सीरीज के पहले मैच में गेंदबाजों के दम पर बेहतरीन शुरुआत की। लेकिन इसके बाद जब बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो सभी को जिस पल का इंतजार था वो आ गया। स्टार्क ने कौन सा नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, आइए यहां जानते हैं।
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज डारविन के मैदान पर हुआ है। साल 2003 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची बांग्लादेश की टीम पर सभी की नजरें टिक गईं। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ये सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के दोनों ओपनर्स जब पारी की शुरुआत करने उतरे तो कुछ ही समय के अंदर पवेलियन लौट गए। हसन महमूद ने पहले जेक वेदरल्ड (23 रन) और फिर दिग्गज ओपनर ट्रेविस हेड (22 रन) को आउट करके ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 52 रन पर 2 विकेट कर दिया। इसके बाद मार्नस लाबुशेन भी 1 रन बनाकर आउट हो गए।
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अपनी टीम के बचाव में आगे आए और बखूबी पारी को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने 109 गेंदों में 71 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली और वो भी हसन महमूद की गेंद का शिकार हो गए।
इसके बाद विकेटों के गिरने का सिलसिला थमा नहीं और देखते-देखते ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने ही मैदान पर कुल 53 ओवर के अंदर सिर्फ 198 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई। एक ऐसा स्कोर जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था, वो भी ऐसी टीम के खिलाफ जो 23 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेल रही थी।
बांग्लादेश के लिए अपना 15वां टेस्ट मैच खेल रहे 26 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हसन महमूद इस पारी के दौरान अपनी टीम के हीरो बने। महमूद ने 55 रन देकर 6 विकेट झटके जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होने के साथ-साथ किसी भी बांग्लादेशी खिलाड़ी का ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी बना।
इसके बाद, बांग्लादेश के बल्लेबाज जवाब देने उतरे लेकिन उनका सामना था दुनिया के शीर्ष पेसर मिचेल स्टार्क से, और कुछ ही देर बाद स्टार्क ने अपना कमाल दिखाया और नौवें ओवर में ओपनर शादमान इस्लाम (20 रन) को आउट कर दिया। ये विकेट कोई आम विकेट नहीं था, क्योंकि इस विकेट के जरिए स्टार्क ने एक नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है।
शादमान इस्लाम का विकेट मिचेल स्टार्क के टेस्ट करियर का 434वां विकेट बना। जिसके साथ ही अब स्टार्क टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं। इस मैच से पहले वो बाएं हाथ के पूर्व श्रीलंकाई स्पिनर रंगना हेराथ (433 विकेट) के साथ बराबरी पर थे, लेकिन अब 1 विकेट लेते ही स्टार्क टेस्ट इतिहास के सबसे सफल बाएं हाथ के बॉलर बन चुके हैं, जो एक नया विश्व रिकॉर्ड है।