बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले साल 2003 में टेस्ट मैच खेला था। इसके 23 साल बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में बांग्लादेश दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंचा है। यहां पहुंचकर पहले मैच की पहली पारी में ही बांग्लादेश ने तहलका मचा दिया।
बांग्लादेश ने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को मात्र 198 रनों पर ढेर कर दिया। बांग्लादेश के खिलाफ यह ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले 2017 में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 217 रनों के स्कोर पर मीरपुर में आउट किया था।
ऑस्ट्रेलिया की पारी 200 रनों से कम में ढहाने में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने सबसे अहम भूमिका निभाई। हसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 ओवर में 55 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए।
हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 साल बाद किसी बांग्लादेशी गेंदबाजी द्वारा 5 से ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले साल 2017 में साकिब अल हसन ने मीरपुर में दो बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट लेने का कारनामा किया था।
यह पहली बार है जब बांग्लादेश के किसी गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट लेने का कारनामा किया है। इससे पहले दो बार साकिब अल हसन और एक बार मोहम्मद रफीक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
इसके साथ ही हसन महमूद ने तेज गेंदबाज के रूप में तीसरी बार 5 से ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा बार 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तेज गेंदबाज के रुप में सहादत हुसैन के नाम है, जिन्होंने 4 बार 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया है।
हसन महमूद ने अपने 15वें मैच में तीसरी बार 5 या उससे ज्यादा विकेट लेना का कारनामा किया है। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने तीनों बार यह कारनामा अपने घर से बाहर यानि विदेशी धरती पर किया है।
हसन महमूद की गेंदबाजी के सामने पूरी ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी बेबस नजर आई। ऑस्ट्रेलिया के लिए एकमात्र अर्धशतक स्टीव स्मिथ ने लगाया। उन्हें भी आखिर में हसन महमूद ने ही आउट किया।