ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्ज़के कमाल पर कमाल किए जा रहे हैं, या ये भी कह सकते हैं कि जब से उन्होंने वनडे क्रिकेट खेलना शुरू किया है, पहले ही मैच से वो इतिहास रचने में जुटे हैं। अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भी नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है।
वनडे क्रिकेट में इस समय दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच बेहतरीन सीरीज चल रही है। सीरीज के दूसरे वनडे मैच में मैक्के के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना मैदान पर दक्षिण अफ्रीकी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीकी ओपनर एडेन मार्करम ने शानदार पारी खेली थी लेकिन दूसरे वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए उनके दोनों ओपनर्स सस्ते में आउट हो गए। गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने रेयान रिकलटन को 8 रन पर और इस मैच में कप्तानी कर रहे एडेन मार्करम को शून्य पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
इसके बाद टोनी डी जोर्जी ने पारी संभाली और मैथ्यू ब्रीत्ज़के के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की। टोनी ने 39 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली जिस दौरान मैथ्यू ब्रीत्ज़के शांत दिखे लेकिन टोनी के आउट होते ही ब्रीत्ज़के का बल्ला गरजना शुरू हो गया।
मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने तोबड़तोड़ बल्लेबाजी की शुरुआत की और देखते-देखते 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वो यहीं नहीं रुके, इसके बाद भी उनकी धुआंधार बैटिंग जारी रही लेकिन वो अपने शतक के करीब आकर चूक गए। मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने 78 गेंदों में 88 रनों की शानदार पारी खेली। मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के पसीने छुड़ाते हुए 112.82 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की जिस दौरान उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। इसी के साथ इस बल्लेबाज ने अब एक बार फिर विश्व रिकॉर्ड बना दिया है।
आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्ज़के के वनडे करियर की ये चौथी पारी है और अपनी इन चारों पारियों में उन्होंने 50 से ऊपर का स्कोर बनाया है। पिछले मैच में उन्होंने वनडे क्रिकेट इतिहास में करियर के शुरुआती तीन पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था और अब उन्होंने लगातार दूसरे मैच में डबल विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। इस बार अपने रिकॉर्ड को आगे बढ़ाते हुए वनडे इतिहास में करियर की पहली चार पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बना डाला है।
मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ फरवरी में अपने करियर का पहला वनडे मैच खेला था जहां उन्होंने 150 रनों की पारी खेली थी। उसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच में 83 रन बनाए। फिर अपने तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 57 रनों की पारी खेली और अब ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ अपने करियर के चौथे वनडे मैच में 88 रन बना डाले। इस तरह से अब चार वनडे पारियों में उनके 378 रन हो गए हैं जो एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
यही नहीं, मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने भारत के पूर्व बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। सिद्धू अब तक दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर थे जिन्होंने अपने करियर की पहली चार वनडे पारियों में 50 से ऊपर का स्कोर बनाया था। अब मैथ्यू ब्रीत्ज़के उनकी बराबरी पर आ गए हैं।