इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर 2025 को किया जाने वाला है। इस निलामी के लिए 1000 से भी ज्यादा खिलाड़ियों ने आवेदन किया था जिसमें से कुल 350 खिलाडियों का चयन किया गया है जो कि ऑक्शन में अपनी किस्मत आजमाने के लिए उतरेंगे। हालांकि 350 खिलाड़ियों में से केवल 72 प्लेयर्स बिकने वाले हैं क्योंकि स्लॉट इतने ही मौजूद रहे हैं।
मुंबई की टीम सबसे कम पर्स के साथ उतरने वाली है। मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल 2025 से पहले तीन खिलाड़ियों शार्दुल ठाकुर, शेरफेन रदरफोर्ड और मयंक मार्कंडेय को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है। मुंबई ने नीलामी से पहले एस राजू, रीस टॉप्ली, केएल श्रीजीत, कर्ण शर्मा, अर्जुन तेंदुलकर, बेवेन जैकब्स, मुजीब उर रहमान, लिजार्ड विलियम्स और विग्नेश पुथुर को रिलीज किया है और अपने पर्स में 2.75 करोड़ रुपये जोड़े हैं। इस राशि से नीलामी में उसे एक विदेशी सहित कुल 5 खिलाड़ियों की खरीदारी करनी है।
पिछले साल की उप- विजेता टीम पंजाब किंग्स भी कम पर्स के साथ उतर रही है। पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए होने वाली नीलामी में 11.5 करोड़ रुपये की राशि के साथ उतरेगी। पंजाब ने नीलामी से पहले जोस इंग्लिस, आरोन हार्डी, ग्लेन मैक्सवेल, कुलदीप सेन और प्रवीण दुबे को रिलीज किया और 11.5 करोड़ रुपये जुटाए। इस राशि से उसे नीलामी में तीन विदेशी सहित कुल 6 खिलाड़ियों की खरीदारी करनी है।
2022 की आईपीएल चैंपियन गुजरात टाइटन्स की टीम आईपीएल 2026 की नीलामी में तीसरी सबसे कम राशि के साथ उतरेगी। गुजरात ने नीलामी से पहले शेरफेन रदरफोर्ड(मुंबई को ट्रेड), महिपाल लोमरोर, करीम जन्नत, दसुन शनाका, गेराल्ड कोएत्जी, कुलवंत खजरोलिया को रिलीज करके अपने पर्स में 12.9 करोड़ रुपये जोड़े। इस राशि से उसे 3 विदेशी सहित 6 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करना है।
राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन में छठे सबसे मोटे पर्स के साथ उतरेगी। राजस्थान ने संजू सैमसन को चेन्नई के साथ ट्रेड करके रवींद्र जडेजा और सैम कुरेन को अपनी टीम में शामिल किया। राजस्थान ने कुनाल सिंह राठौड़, नीतीश राणा(दिल्ली को ट्रेड), संजू सैमसन(सीएसके को ट्रेड), वनिंदु हसरंगा, महीष तीक्ष्णा, फजलहक फारूकी, आकाश मढ़वाल, अशोक शर्मा, कुमार कार्तिकेय को रिलीज करके 16.05 करोड़ रुपये पर्स में जोड़े। इस राशि से उसे नीलामी में एक विदेशी सहित कुल 9 खिलाड़ियों को टीम में शामिल करना है।
पिछले साल की चैंपियन आरसीबी ने 8 खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है। आरसीबी ने स्वास्तिक चिकारा, मयंक अग्रवाल, लियाम लिविंगस्टन, मनोज भंडागे, लुंगी नगिडी, ब्लेसिंग मुजरबानी और मोहित राठी को रिलीज करके अपने पर्स में 16.4 करोड़ रुपये जोड़े हैं। इस राशि से उसे नीलामी में 3 विदेश सहित कुल 8 खिलाड़ियों की खरीदारी करनी है। सबसे मोटे पर्स के मामले में आरसीबी की टीम छठे स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में 21.8 करोड़ रुपये के मोटे पर्स के साथ मैदान में उतरेगी। दिल्ली कैपिटल्स ने फॉफ डुप्लेसी, जैक फ्रेजर मैक्गर्क, डेवोन फरेरिया(राजस्थान को ट्रेड), सादिकुल्लाह अटल, मनवंथ कुमार, मोहित शर्मा और दर्शन नालकंडे को रिलीज करके 21.8 करोड़ की राशि जुटाई है। इस राशि से दिल्ली को 4 विदेशी सहित कुल 8 खिलाड़ी खरीदने हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन में चौथे सबसे मोटे पर्स के साथ उतरेगी। लखनऊ ने नीलामी से पहले मोहम्मद शमी को ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ा और आर्यन जुयाल, डेविड मिलर, युवराज चौधरी, राजवर्धन हंगरगेकर, आकाशदीप, रवि बिश्नोई, शेमार जोसेफ को रिलीज कर दिया है। उसके खाते में 22.9 करोड़ रुपये बचे हैं और उसे इस राशि से 4 विदेशी सहित 6 खिलाड़ियों की खरीदारी करनी है।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने आईपीएल 2026 के लिए होने वाली नीलामी से पहले अपने खाते में 25.5 करोड़ रुपये जोड़ लिए हैं। हैदराबाद ने ये राशि मोहम्मद शमी(लखनऊ को ट्रेड), अभिनव मनोहर, अथर्व ताइडे, सचिन बेबी, वियान मुड्लर, सिमरजीत सिंह, राहुल चाहर और एडम जंपा को रिलीज करके जोड़ी है। जहां उसे 3 विदेशी सहित कुल 10 खिलाड़ियों की खरीदारी करनी है।
चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल ऑक्शन में तहलका मचाने के लिए तैयार है। आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले उन्होंने 11 खिलाड़ियों रवींद्र जडेजा(राजस्थान से ट्रेड) राहुल त्रिपाठी, वंश बेदी, आंद्रे सिद्धार्थ, रचिन रवींद्र, सैम कुरेन(राजस्थान से ट्रेड), दीपक हुड्डा, विजय शंकर, शेख राशिद,कमलेश नागरकोटी, महीष तीक्ष्णा को रिलीज किया है। रविचंद्रन अश्विन पहले ही संन्यास ले चुके हैं। ऐसे नें चेन्नई ने नीलामी से पहले अपने पर्स में 43.4 करोड़ की राशि इकट्ठी कर ली है जिससे उसे 2 विदेशी सहित कुल 9 खिलाड़ियों की खरीदारी करनी है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए होने वाली नीलामी में सबसे ज्यादा पैसों के साथ मैदान में उतरेगी। टीम ने आंद्रे रसेल(12 करोड़), वेंकटेश अय्यर(23.75 करोड़), क्विटन डिकॉक(3.6 करोड़), मोईन अली(2 करोड़),एनरिक नॉर्खिया(6.5 करोड़), लवनिथ सिसौदिया, रहमानुल्लाह गुरबाज, अनुकूल रॉय, स्पेंसर जॉनसन, चेतन सकारिया, मयंक मार्कंडेय(ट्रेड किया मुंबई को) को रिलीज करके अपने पर्स में नीलामी के लिए 64.3 करोड़ रुपये जोड़ लिए हैं। इस राशि से केकेआर को 6 विदेशी सहित कुल 13 खिलाड़ी खरीदने हैं। केकेआर और सीएसके के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।