हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल 2026 में शुक्रवार को आरसीबी के खिलाफ नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के जड़े। क्रुणाल पांड्या ने उनकी पारी का अंत किया।
हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल 2026 में 14वें मुकाबले में 600 रन के आंकड़े को पार कर लिया। सीजन में 600 रन के आंकड़े को पार करने वाले क्लासेन साई सुदर्शन(638) और शुभमन गिल(616) के बाद तीसरे बल्लेबाज हैं।
हेनरिक क्लासेन आईपीएल के इतिहास में चौथे या उससे निचले पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए 600 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। 19 साल में ऐसा और कोई बल्लेबाज नहीं कर सका था। दुनिया की किसी भी टी20 लीग में मिडिल ऑर्डर का कोई बल्लेबाज ये कारनामा नहीं कर सका था। इस लिहास से क्लासेन ने अपने नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड कर लिया है।
हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल में बतौर मिडिल ऑर्डर बैटर एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पंत ने साल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए 579 रन बनाए थे। अब क्लासेन उनसे आगे निकल गए हैं। पंत के बाद दूसरे पायदान पर रियान पराग(573), चौथे पर रोहित शर्मा(538) और पांचवें पर ग्लेन मैक्सवेल(513) काबिज हैं।
हेनरिक क्लासेन ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 2 हजार रन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पूरे कर लिए। ये उपलब्धि उन्होंने 56वें मैच की 53वीं पारी में हासिल की। उनके खाते में हैदराबाद के लिए 2020 रन 45.90 के औसत से बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।
आईपीएल 2026 में हेनरिक क्लासेन ने 14 मैच की 14 पारी में 50.50 के औसत और 159.47 के स्ट्राइक रेट से 606 रन बनाए हैं। इसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं। 69 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
हेनरिक क्लासेन ने 63 मैच की 59 पारी में 10 बार नाबाद रहते हुए 2086 रन 42.57 के औसत और 166.61 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 144 चौके और 119 छक्के जड़े। नाबाद 105 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
हेनरिक क्लासेन को आईपीएल 2026 में प्लेऑफ में दो से तीन मैच खेलने के मौके मिलेंगे। ऐसे में वो रनों की संख्या को 700 के पार पहुंचाकर नया इतिहास रच सकते हैं।