ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने टी20 में विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वॉर्नर ने शुक्रवार को बीबीएल के एक मुकाबले के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। इस सीजन बीबीएल में वॉर्नर गजब के फॉर्म में हैं और 13 दिन के भीतर दो शतकीय पारी खेल चुके हैं। उन्होंने सिडनी सिक्सर के खिलाफ मैच मे यह तूफानी पारी खेली।
वॉर्नर ने बीबीएल 2026 के 37वें मैच में शतक जड़ा। सिडनी सिक्सर के खिलाफ मैच में वॉर्नर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 65 गेंद में 110 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 4 छक्के लगाए। यह इस सीजन वॉर्नर का दूसरा शतक है। हालांकि, उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।
डेविड वॉर्नर की इस तूफानी शतकीय पारी के दम पर सिडनी थंडर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 189 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में स्टीव स्मिथ की 42 गेंद में खेली गई 100 रन की तूफानी पारी के दम पर सिडनी सिक्सर ने यह मुकाबला 16 गेंद शेष रहते 5 विकेट से जीत लिया।
बीबीएल की बात करें तो डेविड वॉर्नर का यह 13 दिन के भीतर दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने 3 जनवरी को 65 गेंद में नाबाद 130 रन की पारी खेली थी। बीबीएल के इस सीजन में वॉर्नर सबसे सफल बल्लेबाज हैं। 86.60 की औसत से वॉर्नर 433 रन बनाकर टॉप पर हैं।
टी20 क्रिकेट में यह डेविड वॉर्नर का 10वं शतक है। इस शतकीय पारी के दम पर उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 432 मैच की 431 पारी में अब वॉर्नर के नाम टी20 क्रिकेट में 10 शतक हो गए हैं और वह विराट से आगे निकल गए हैं।
इस लिस्ट में 414 मैच की 397 पारी में 9 शतक लगाकर विराट कोहली नंबर 5 पर हैं। उनके पास आगामी आईपीएल में वॉर्नर को पीछे छोड़ने का मौका है। फिलहाल विराट शानदार फॉर्म में हैं और लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
अब डेविड वॉर्नर के निशाने पर बाबर आजम का रिकॉर्ड है। बाबर आजम टी20 क्रिकेट में शतक लगाने के मामले में वॉर्नर से आगे हैं। 326 पारी में बाबर 11 शतक लगा चुके हैं। वॉर्नर के पास अब बाबर को पीछे छोड़ने का मौका है। इस लिस्ट में टॉप पर क्रिस गेल हैं जो 22 शतक लगा चुके हैं।