Budh Shukra Ardh Kendra Yog 2026: 28 अगस्त 2026 की सुबह 2 बजकर 34 मिनट पर बुध और शुक्र के बीच 45 डिग्री का संबंध बना है। ज्योतिष में इसे अर्धकेंद्र संबंध या सेमी-स्क्वायर आस्पेक्ट कहा जाता है। इस समय बुध सिंह राशि में और शुक्र कन्या राशि में गोचर कर रहे हैं। दोनों ग्रहों के बीच बना यह संबंध बहुत बड़ा योग नहीं है, लेकिन इसकी प्रकृति तनाव और असहजता पैदा करने वाली मानी जाती है। खासकर बुध से जुड़े काम, बातचीत, कागजी काम, व्यापार और शुक्र से जुड़े प्रेम, वैवाहिक जीवन, सुख-सुविधा और धन के मामलों में इसका असर देखने को मिल सकता है। बुध बुद्धि, वाणी, व्यापार और निर्णय क्षमता का कारक ग्रह है, जबकि शुक्र प्रेम, रिश्ते, धन, सुख-सुविधा और आकर्षण से जुड़े विषयों का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में दोनों के बीच 45 डिग्री का संबंध बनने पर दिल और दिमाग के बीच खींचतान जैसी स्थिति बन सकती है। व्यक्ति कुछ और सोच सकता है और भावनाओं में आकर फैसला कुछ और कर सकता है। इसका असर तीन सप्ताह तक रह सकता है। इस समय शुक्र कन्या राशि में है, जहां उसे नीच का माना जाता है। वहीं बुध सिंह राशि में सूर्य के क्षेत्र में स्थित है। ग्रहों की यह स्थिति बताती है कि इस अर्धकेंद्र का सबसे ज्यादा असर रिश्तों में बातचीत, आर्थिक फैसलों और कामकाज से जुड़े निर्णयों पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि किन राशि वालों को नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
सिंह राशि वालों के लिए बुध लग्न में और शुक्र दूसरे भाव में स्थित हैं। ऐसे में अर्धकेंद्र संबंध का सीधा असर व्यक्तित्व, वाणी और धन पर पड़ सकता है। बातचीत में छोटी बात बड़ा विवाद बना सकती है। परिवार में किसी सदस्य से बहस और पैसों को लेकर मतभेद की स्थिति बन सकती है। व्यापारियों को जल्दबाजी में कोई डील फाइनल करने से बचना चाहिए। इस प्रभाव को शांत करने के लिए बुधवार को गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें और शुक्रवार को किसी जरूरतमंद महिला को सफेद वस्त्र या चावल का दान करें।
कन्या राशि के लिए यह स्थिति ज्यादा संवेदनशील है क्योंकि शुक्र आपकी राशि में ही है और यहां शुक्र नीच का माना जाता है। बुध बारहवें भाव में होने के कारण खर्च, मानसिक उलझन और अनावश्यक बातचीत बढ़ा सकता है। प्रेम संबंधों में छोटी बात को लेकर गलतफहमी हो सकती है। ऑनलाइन शॉपिंग या लग्जरी सामान पर जरूरत से ज्यादा खर्च करने से भी बजट बिगड़ सकता है। शुक्र के अशुभ प्रभाव को कम करने के लिए शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करें और सफेद मिठाई का दान करें।
कुंभ राशि वालों के लिए बुध सप्तम भाव और शुक्र अष्टम भाव में हैं। यह स्थिति विवाह, पार्टनरशिप और साझा धन से जुड़े मामलों में सावधानी की मांग करती है। जीवनसाथी के साथ बातचीत में गलतफहमी बढ़ सकती है और बिजनेस पार्टनर के साथ किसी आर्थिक मुद्दे पर मतभेद हो सकता है। निवेश या किसी के साथ पैसा साझा करने में जल्दबाजी नुकसान दे सकती है। शुक्रवार को भगवान शिव को सफेद फूल अर्पित करें और जीवनसाथी से कटु शब्द बोलने से पूरी तरह बचें।
मीन राशि के लिए बुध षष्ठम भाव और शुक्र सप्तम भाव में हैं। यहां बुध विवाद, प्रतिस्पर्धा और कामकाज से जुड़ी परिस्थितियों को सक्रिय कर सकता है, जबकि शुक्र वैवाहिक और साझेदारी के क्षेत्र को प्रभावित करेंगे। नौकरी में किसी सहकर्मी की बात को गलत समझने से विवाद हो सकता है। लव लाइफ में भी छोटी बात पर तनाव बढ़ने की आशंका रहेगी। बुध के प्रभाव को संतुलित करने के लिए बुधवार को हरी मूंग का दान करें और शुक्रवार को शिवलिंग पर जल अर्पित करें।
बुध बातचीत और सोच का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि शुक्र प्रेम और संबंधों का कारक है। दोनों के बीच तनावपूर्ण संबंध बनने पर सबसे पहले असर बातचीत के तरीके पर आता है। व्यक्ति की बात सही हो सकती है, लेकिन उसे कहने का तरीका रिश्ते में दूरी पैदा कर सकता है। इस दौरान प्रेम संबंधों में पुराने मुद्दे फिर सामने आ सकते हैं। पति-पत्नी के बीच खर्च, समय और अपेक्षाओं को लेकर बहस हो सकती है। रिश्तों को बेहतर रखने के लिए शुक्रवार को जीवनसाथी को कोई सफेद मिठाई खिलाएं और बातचीत में कटु शब्दों से बचें। बुध व्यापार और कम्युनिकेशन का कारक है। शुक्र धन और सुख-सुविधा से जुड़े मामलों का प्रतिनिधित्व करता है। अर्धकेंद्र संबंध बनने पर कारोबारी फैसलों में जरूरत से ज्यादा आकर्षण या जल्दबाजी नुकसान का कारण बन सकती है। खास तौर पर मार्केटिंग, मीडिया, आईटी, बैंकिंग, फैशन, ब्यूटी, डिजाइन और लग्जरी प्रोडक्ट्स से जुड़े लोगों को किसी नए प्रोजेक्ट की शर्तें ध्यान से पढ़कर ही आगे बढ़ना चाहिए। कोई बड़ी डील सिर्फ आकर्षक ऑफर देखकर फाइनल करने से बचना बेहतर रहेगा।