रेल मंत्री ने कहा कि वहनीयता को ध्यान में रखते हुए, इन ट्रेनों का किराया सेवा लागत से कम रखा गया है। वंदे भारत एसी चेयर कार का 300 से 400 किलोमीटर की यात्रा का किराया लगभग 2.19 रुपये प्रति किलोमीटर है, जो चीन, जापान और फ्रांस जैसे देशों में इसी तरह की सेवाओं के किराये से काफी कम है, जहां यह 7 रुपये से 20 रुपये प्रति किलोमीटर तक है।
रेल मंत्री के अनुसार, 'इन देशों में किराया 7 रुपये से लेकर 20 रुपये प्रति किलोमीटर तक होता है। उनका कहना है कि रेल मंत्रालय विभिन्न प्रकार की यात्री सेवाओं के किराये का निर्धारण करते समय सेवा की लागत, सेवा का स्तर, दी जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं के प्रकार, वहनीयता, सामाजिक-आर्थिक पहलुओं पर गौर करता है।'
वंदे भारत सेवाएं फरवरी 2019 में शुरू की गई थीं और वर्तमान में 82 मार्गों पर 164 ट्रेनें चल रही हैं। रेल मंत्री ने जानकारी दी कि वंदे भारत ट्रेनें एक विशिष्ट किराया संरचना और बेहतर 'सस्पेंशन' सिस्टम, सेमी-हाई-स्पीड संचालन के साथ तेज गति, स्वचालित द्वार, आरामदेह सीटें, मिनी पैंट्री, सीसीटीवी और कवच जैसी सुविधाओं के साथ एक अलग यात्री सेवा खंड के रूप में संचालित होती हैं।
रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे में यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री को औसतन 45 प्रतिशत की रियायत मिलती है।वैष्णव ने कहा, 'भारतीय रेलवे ने 2023-24 में यात्री टिकटों पर 60,466 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी। इसका मतलब है कि रेलवे में यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को औसतन 45 प्रतिशत की रियायत मिलती है।'
रेल मंत्री ने कहा, 'दूसरे शब्दों में, यदि सेवा प्रदान करने की लागत 100 रुपये है, तो टिकट की कीमत केवल 55 रुपये है। यह सब्सिडी सभी यात्रियों के लिए है। इसके अलावा, इस सब्सिडी से अधिक रियायतें कई श्रेणियों के लिए जारी हैं, जैसे कि दिव्यांगजनों की चार श्रेणियां, रोगियों की 11 श्रेणियां और छात्रों की 8 श्रेणियां।'
वंदे भारत सेवाओं में सभी प्रमुख मार्गों पर हाई ऑक्यूपेंसी लेवल है, जिसमें वंदे भारत की अधिभोग क्षमता लगभग 100 प्रतिशत है, जो यात्रियों की प्राथमिकताओं में बदलाव को दर्शाती है। अन्य ट्रेनों के सामान्य श्रेणी के किराए के बारे में बोलते हुए वैष्णव ने कहा कि वे अन्य देशों की तुलना में सबसे कम हैं।
भारतीय रेलवे के सामान्य श्रेणी के किराए और पड़ोसी देशों में इसी तरह की सेवाओं के बीच तुलना करते हुए वैष्णव ने कहा कि भारत में प्रति किलोमीटर किराया 20 पैसे है, जबकि पाकिस्तान में यह 54 पैसे, बांग्लादेश में 37 पैसे और श्रीलंका में 51 पैसे है।