अथिया शेट्टी ने बताया कि जब भी उनके घर पर चावल बनते हैं, तो वह बचे हुए पानी को फेंकने के बजाय संभालकर रख लेती हैं। इस पानी को वह फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख देती हैं और फिर इसे स्प्रे बोतल में भरकर अपने चेहरे पर टोनर की तरह छिड़कती हैं।
अथिया का मानना है कि यह आसान नुस्खा त्वचा के काले दाग-धब्बों को हल्का करने और त्वचा में निखार लाने में बहुत मददगार साबित होता है।
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि चावल का पानी विटामिन, अमीनो एसिड, मिनरल्स और एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होता है। इसे तुरंत या फिर कुछ दिनों तक फर्मेंट करके भी त्वचा और बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल में लाया जा सकता है।
चावल के पानी में विटामिन ई और फेरुलिक एसिड जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं। ये तत्व त्वचा को फ्री रेडिकल्स के नुकसान से बचाते हैं, जिससे बढ़ती उम्र के असर और फाइन लाइन्स को कम करने में मदद मिलती है। यह जलन या सनबर्न को खत्म कर स्किन की रंगत को निखारती है।
सेंसिटिव स्किन वालों को इससे रैशेज या एलर्जी हो सकती है, इसलिए पूरे चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करना जरूरी है।
एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि चावल के पानी को रात भर चेहरे पर लगाकर रखने के बजाय 10 से 15 मिनट के लिए लगाना ज्यादा सुरक्षित होता है। इसे टोनर की तरह लगाएं और फिर ताजे पानी से धो लें। सप्ताह में इसे सिर्फ 2 से 3 बार ही इस्तेमाल करना चाहिए ताकि त्वचा का प्राकृतिक बैरियर बना रहे।
चावल का पानी बनाते समय सफाई का ध्यान रखना सबसे जरूरी है। इसे हमेशा साफ बर्तन में बनाएं और हाइजीनिक तरीके से स्टोर करें।