श्रीलंका के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 का फाइनल विमेंस इन ब्लू के लिए लगातार 10वां फाइनल था। इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मंधाना और शेफाली ने उनके इस फैसले को सही साबित करते हुए पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान 5 बड़े रिकॉर्ड बने।
शेफाली वर्मा ने विमेंस एशिया कप का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 24 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से अर्धशतक जड़ा और स्मृति मंधाना का 4 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंधाना ने 2022 में 25 गेंद में अर्धशतक जड़ा था।
श्रीलंका के खिलाफ इस मुकाबले में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। यह छठा मौका था जब दोनों ने शतकीय साझेदारी की और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे सफल जोड़ी बन गई।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 77 गेंद में 129 रन की साझेदारी की। यह एशिया कप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है। चार साल पहले जेमिमा और दीप्ति ने यूएई के खिलाफ 128 रन की साझेदारी की।
मंधाना और शेफाली ने जोड़ी के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस जोड़ी ने 105 पारी में 3,909 रन बना लिए हैं।
शेफाली वर्मा ने फाइनल में 68 रन की पारी खेली। यह इस एशिया कप में शेफाली का तीसरा अर्धशतक था और वह एशिया कप के एक एडिशन में 3 फिफ्टी प्लस स्कोर करने वाली पहली भारतीय बन गईं।