क्या H1N1 वायरस शरीर में पहुंचने के तुरंत बाद लक्षण दिखाता है? स्वाइन फ्लू में बुखार, खांसी जैसे संकेत कब नजर आते हैं और रोजमर्रा की किन आदतों से संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है?
H1N1 समेत इन्फ्लुएंजा वायरस से संक्रमित होने के बाद लक्षण आमतौर पर 1 से 4 दिन में सामने आ सकते हैं। WHO के अनुसार करीब 2 दिन में लक्षण शुरू होना आम है।
H1N1 स्वाइन फ्लू में आमतौर पर अचानक बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, बदन दर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ लोगों को उल्टी या दस्त भी हो सकते हैं। सांस लेने में परेशानी या हालत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। ध्यान रखें कि केवल लक्षण देखकर H1N1 की पक्की पहचान नहीं की जा सकती। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर जांच की सलाह दे सकते हैं।
इ स तरह के वायरस से बचाव के लिए साबुन और पानी से हाथ नियमित रूप से धोएं। खासकर बाहर से आने, खाना खाने और खांसने-छींकने के बाद हाथ साफ करना जरूरी है।
फ्लू सांस से निकलने वाली छोटी बूंदों और संक्रमित सतहों के संपर्क से फैल सकता है। खांसते या छींकते समय टिश्यू या कोहनी का इस्तेमाल करें।
अगर आसपास किसी को बुखार, खांसी या फ्लू जैसे लक्षण हैं, तो बहुत नजदीकी संपर्क से बचना बेहतर है। भीड़भाड़ वाली बंद जगहों में सावधानी रखें।
गंदे हाथों से चेहरे को छूने की आदत संक्रमण का जोखिम बढ़ा सकती है। इसलिए हाथ साफ रखने के साथ चेहरे को अनावश्यक रूप से छूने से बचें।
इन्फ्लुएंजा से बचाव और गंभीर बीमारी का जोखिम कम करने के लिए वैक्सीनेशन सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। खासकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और कुछ पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण हो सकता है।