परिवार के साथ फिटनेस और रिश्तों को मजबूत करने के लिए 'फैमिली योगा' एक नया और कूल ट्रेंड बनकर उभरा है। यही वजह है कि अब कई परिवार सुबह या शाम कुछ समय निकालकर एक साथ योग करने को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। आइए जानते हैं इसके फायदे...
फैमिली योगा केवल शरीर को फिट नहीं रखता बल्कि आपसी संबंधों को भी बेहतर बनाता है। इससे हमारी एक-दूसरे के लिए समझ बेहतर होती है। जिससे रिश्तों में अपनापन और जुड़ाव बढ़ता है।
बच्चों की फिटनेस के लिए फैमिली योगा बेहद फायदेमंद है। ये उन्हें स्क्रीन से दूर रखने का एक प्रभावी तरीका हो सकता है। बचपन में विकसित हुई यह आदत आगे चलकर बेहतर स्वास्थ्य का आधार बन सकती है।
आज काम का दबाव, पढ़ाई की चिंता और रोजमर्रा की चुनौतियों ने लोगों का स्ट्रेस काफी बढ़ा दिया है। फैमिली योग में शामिल प्राणायाम, ध्यान और स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज तनाव को कम करने में मदद करती हैं। जब पूरा परिवार एक साथ इन गतिविधियों में भाग लेता है, तो माहौल काफी हल्का रहता है।
अकेले योग करने की तुलना में परिवार के साथ योग करना अधिक प्रेरणादायक होता है। जब परिवार के अन्य सदस्य भी आपके साथ अभ्यास कर रहे होते हैं, तो रेगुलेरिटी बनाए रखना आसान हो जाता है। इससे आपको फिटनेस के लिए मोटिवेशन मिलता है।
फैमिली योगा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें दादा-दादी से लेकर छोटे बच्चे तक शामिल हो सकते हैं। यानी इस प्रक्रिया में आपके लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती है।
फैमिली योगा आपके परिवार के साथ टाइम बिताने का भी मौका देता है। केवल 20 से 30 मिनट का रोजाना सामूहिक योग सत्र परिवार को एक-दूसरे के करीब लाने में मदद करता है और यादगार अनुभव भी बनाता है।