Bengaluru Crime News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के राममूर्ति नगर क्षेत्र में सड़क किनारे कैब का इंतजार कर रही एक महिला के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और अभद्र टिप्पणी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा निडर होकर बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई बेंगलुरु पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पैसे का लालच देकर शारीरिक संबंध बनाने का बनाया दबाव
पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना तब उजागर हुई जब पीड़िता ने 27 जुलाई को 'इंस्टाग्राम' पर अपनी आपबीती और आरोपी का वीडियो साझा किया। महिला राममूर्ति नगर में सड़क किनारे शांत भाव से अपनी कैब का इंतजार कर रही थी, तभी एक स्कूटी सवार आरोपी उसके पास आकर अश्लील टिप्पणियां करने लगा। आरोपी ने महिला को धन का लालच देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात कही।
घबराने के बजाय महिला ने आरोपी का डटकर मुकाबला किया और अपने मोबाइल फोन से उसकी करतूत रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। जब महिला ने पुलिस को कॉल करने की चेतावनी दी, तो आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने आरोपी की पहचान के लिए उस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया, जिसके बाद लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
पीड़िता ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक महिला होने के नाते उसे बिना किसी डर के सार्वजनिक स्थान पर कैब का इंतजार करने का पूरा अधिकार है। उसने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे उत्पीड़न को सामान्य मानकर अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। वीडियो के सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने और पीड़िता की औपचारिक शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। बेंगलुरु पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
