मोबाइल, लैपटॉप और टीवी लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। बच्चे हों या बड़े, हर कोई घंटों इनकी स्क्रीन के सामने समय बिताता है। हालांकि, इसका सबसे ज्यादा असर आंखों पर पड़ रहा है। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों में सूखापन, थकान, धुंधला दिखना, पानी आना, लाल होना और जलन जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसके अलावा आंखों की मांसपेशियों पर तनाव बढ़ने से सिरदर्द की शिकायत भी कुछ लोगों को रहती है। ऐसे में आंखों को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है। आज यहां पर आप 5 ऐसे आसान कामों के बारे में जानेंगे, जिन्हें रोजाना अपनाकर आप अपनी आंखों को हेल्दी रख सकते हैं।
दिन में 10 से 12 बार पामिंग एक्सरसाइज करने से आंखों की मांसपेशियां रिलैक्स होती हैं, जिससे नजर कमजोर नहीं होती है। इस एक्सरसाइज को करने के लिए अपने दोनों हाथ की हथेलियों को रगड़कर गर्म कर लें और फिर आंखों को बंद करके उन पर लगाएं।
आंखों को हेल्दी रखने के लिए उनकी मूवमेंट होना बहुत जरूरी है। इसलिए जब भी थोड़ा सा समय मिले तो अपनी पलकों को झपकाएं। इससे आंखों में नमी बनी रहेगी और सूखापन व जलन की समस्या नहीं होगी।
आई रोलिंग एक्सरसाइज से आंखों को काफी आराम मिलता है। इस एक्सरसाइज को आप दिन में 15 से 20 बार कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक जगह पर सीधे बैठ जाएं और ऊपर की तरफ देंखें। अब धीरे-धीरे आंखों को एक बार सीधे और एक बार उल्टी दिशा में गोल घुमाएं। ऐसा करने से आंखों की मांसपेशियों में लचीलापन आएगा, जिससे स्क्रीन से होने वाली थकान नहीं होगी।
ये एक्सरसाइज करने के लिए एक जगह पर सीधे बैठ जाएं। फिर अपने अंगूठे को चेहरे से जितना हो सके, उतना दूर लेकर जाएं। अब कुछ सेकंड तक अंगूठे पर फोकस करें और फिर दूर किसी चीज को देखें। दिन में 10 से 15 बार ऐसा करने से आंखों की थकान कम होती है और नजर ठीक रहती है।
आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए दिन में 10 से 15 बार नियर और फार फोकस एक्सरसाइज करनी चाहिए। इस एक्सरसाइज को करने के लिए पहले 20 सेकंड तक किसी पास वाली वस्तु को देखें, फिर किसी दूर की चीज पर फोकस करें।
यदि आपको अपनी आंखों को हेल्दी रखना है तो रोजाना अपनी डाइट में उन चीजों को शामिल करें, जिससे स्क्रीन से होने वाली थकान न हो। इसके लिए आप हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, संतरा, पपीता, कीवी, ब्लूबेरी, शकरकंद, अवोकाडो, कद्दू, फैटी फिश, बेरी, नट्स या बीज का सेवन कर सकते हैं। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं।