Top 6 Movies Like Daayra: मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर फिल्म दायरा रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन नजर आएंगे। 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही इस फिल्म में करीना ने डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभाया है और पृथ्वीराज डीसीपी रमन कुमार के रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में दो पुलिस अफसर की कहानी है, जो एक विवादित केस की वजह से आमने-सामने आ जाते हैं। फिल्म में कानूनी प्रक्रिया और देरी से न्याय मिलने के बीच काफी सारा ड्रामा है, जिसमें इंसाफ पाने वाले को सिर्फ दर्द मिलता है। इससे पहले भी बॉलीवुड में ऐसी फिल्में बनी हैं, जिसमें इंसाफ में देरी और जबरदस्त कोर्ट रूम ड्रामा दिखाया गया है।
फिल्म आर्टिकल 15 में आयुष्मान खुराना की दमदार एक्टिंग हैं और उनके साथ सयानी गुप्ता, कुमुद मिश्रा और मनोज पाहवा जैसे कलाकार हैं। फिल्म में समाज में मौजूद जातिगत भेदभाव की गंभीर मुद्दे को काफी करीब से दिखाया गया है। फिल्म की कहानी एक पुलिस जांच के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धीरे-धीरे सामाजिक असमानता और भेदभाव की परतें खोलती है। फिल्म का थ्रिलर आपको पसंद आएगा।
इस लिस्ट में सालों पहले रिलीज हुई सनी देओल और मीनाक्षी शेषाद्रि की फिल्म दामिनी का नाम भी है, जिसमें दुष्कर्म का केस दिखाया गया है। फिल्म में एक लड़के को बचाने के लिए उसका परिवार हर हद तक जाता है और ये भी दिखाया गया है कि कैसे महिला को इंसाफ पाने के लिए मौत का सामना करना पड़ता है।
फिल्म तलवार का निर्देशन भी मेघना गुलजार ने किया है। ये फिल्म नोएडा के डबल मर्डर केस आरुषि-हेमराज मर्डर की सच्ची घटना पर आधारित है। फिल्म में इरफान खान, कोंकणा सेन शर्मा और नीरज काबी अहम भूमिकाओं निभाई है। फिल्म में केस की जांच के दौरान सामने आने वाले अलग-अलग सिद्धांत, जांच में हुई चूक और व्यवस्था की कमियों को दिखाया गया है।
फिल्म मुल्क में ऋषि कपूर, तापसी पन्नू और आशुतोष राणा की दमदार एक्टिंग है। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी यह कोर्टरूम ड्रामा फिल्म दिखाती है कि जब समाज किसी व्यक्ति को पहले ही दोषी मान लेता है, तो निर्दोष साबित होना कितना मुश्किल हो जाता है। फिल्म समानता, नागरिकता और सामाजिक भेदभाव जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है।
फिल्म सेक्शन 375 में अक्षय खन्ना, ऋचा चड्ढा की दमदार जोड़ी नजर आई है। फिल्म में राहुल भट्ट और मीरा चोपड़ा ने भी अहम भूमिका निभाई है। फिल्म में जबरदस्त कोर्ट रूम ड्रामा है, जो दुष्कर्म के केस पर बहस करते हैं। फिल्म में रेप केस के दौरान सबूतों, कानूनी प्रक्रिया और कानून की अलग-अलग व्याख्याओं को सामने रखा गया है। फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि किसी मामले में न्याय तक पहुंचना हमेशा आसान नहीं होता।
अमिताभ बच्चन, तापसी पन्नू, कीर्ति कुल्हारी और एंड्रिया तारियांग स्टारर फिल्म 'पिंक' में शारीरिक संबंध में महिलाओं पर धोपी गई धारणा और महिलाओं की मर्जी जैसे गंभीर मुद्दे को उठाया गया है। फिल्म में जबरदस्त कोर्टरूम ड्रामा है, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे पीड़ित को न सिर्फ कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ती है, बल्कि उनके चरित्र और पसंद के बारे में समाज की पहले से बनी धारणाओं का भी सामना करना पड़ता है।