एंटरटेनमेंट जगत में आज फिल्मों की रिलीज, सितारों के बयान और विवादों से जुड़ी कई खबरें चर्चा में हैं। संदीप रेड्डी वांगा ने विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘रणबाली’ की तारीफ की है। नेहा धूपिया ने बताया कि उन्होंने शाहरुख खान की ‘चक दे! इंडिया’ और ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में काम करने के मौके छोड़ दिए थे। वहीं, अभिनेत्री वेदिका पिंटो ने अपने किरदार सुधा को लेकर बात की। दिग्गज संगीतकार देवा के निधन से दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में शोक है। इसके अलावा ‘रामायण’ के पेड प्रीव्यू, ‘शक्ति शालिनी’, यश, अंजलि अरोड़ा और इमरान खान से जुड़ी खबरें भी सुर्खियों में हैं।
‘रामायण’ से जुड़े एक कार्यक्रम में एक्टर यश ने अपनी पत्नी राधिका पंडित को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने खुद को ‘राधिका का पति’ कहकर संबोधित किया। यश की इस बात ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा ने विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘रणबाली’ की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि फिल्म में इतिहास के ऐसे हिस्से को दिखाया गया है, जिसे स्कूल की किताबों में जगह नहीं मिली। वांगा ने विजय की एक्टिंग और रश्मिका के किरदार जयम्मा की भी तारीफ की। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील की।
नेहा धूपिया ने बताया कि उन्होंने शाहरुख खान की ‘चक दे! इंडिया’ और नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में काम करने के ऑफर ठुकरा दिए थे। अपने चैट शो ‘डबल डेट’ पर उन्होंने माना कि इन मौकों को छोड़ने का उन्हें अफसोस है। नेहा ने कहा कि वह हमेशा से अच्छी स्पोर्ट्स और फौजी फिल्मों में काम करना चाहती थीं।
वेदिका पिंटो का कहना है कि ‘मुसाफिर कैफे’ में निभाया गया सुधा का किरदार उसी कहानी का हिस्सा है। वो किसी दूसरी रोमांटिक फिल्म या सीरीज में सुधा जैसा किरदार नहीं निभाना चाहतीं। उनके मुताबिक, अगर वो इसी जॉनर में दोबारा काम करती हैं, तो किरदार में कुछ नया होना चाहिए। वे नहीं चाहतीं कि दर्शक उन्हें एक ही तरह की रोल में देखें।
तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज संगीतकार और गायक देवा का 75 साल की उम्र में 17 अक्टूबर को चेन्नई में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। साउथ स्टार रजनीकांत समेत कई स्टार्स ने दुख जताया है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर रिपोर्ट सामने आई है कि रिलीज से एक दिन पहले, 4 नवंबर को इसके 300 पेड प्रीव्यू शो रखे जा सकते हैं। फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
कानपुर के एक डांडिया कार्यक्रम में ‘कच्चा बादाम’ गाना बजने के बाद अंजलि अरोड़ा के नाराज होकर मंच छोड़ने का मामला चर्चा में है। आयोजक आशीष गुप्ता ने आरोप लगाया कि अंजलि के इस कदम से कार्यक्रम प्रभावित हुआ और उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। आयोजकों ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
‘दिल्ली बेली’ के निर्देशक अभिनव देव ने इमरान खान को लेकर कहा कि लोगों को उनके विचारों और फैसलों का सम्मान करना चाहिए। उनकी ये प्रतिक्रिया इमरान को मुंबई पुलिस की ओर से कथित ‘लीव इंडिया’ नोटिस दिए जाने की खबरों के बीच आई है।