धरम पाजी के बारे में एक बार बहुत मशहूर थी कि वो जिससे प्यार करते थे, उसे सिर पर बैठा लेते थे और जिससे नफरत करते थे उसकी खैर नही थी। अपनी इस रिपोर्ट में हम आपको धर्मेंद्र का एक ऐसा ही किस्सा सुनाएंगे, जिससे आपको अंदाजा हो जाएगा कि जब धर्मेंद्र सिंह देओल को गुस्सा आता था तो लोगों की क्या हालत होती थी। कुछ वक्त पहले जॉनी लीवर ने ये किस्सा सुनाया था और बताया था कि कैसे उन्होंने एक शराबी आदमी का नशा केवल एक घूंसे में उतार दिया था, जिसके बाद उसकी हिम्मत नहीं हुई कि वो हीमैन से बदतमीजी करता।
बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र को हम सब जानते हैं। उनके चाहनेवालों की दुनिया में कोई कमी नहीं थी। ऐसा बताया जाता है कि वो बहुत ही साफ दिल के इंसान थे जो लोगों की मदद के लिए किसी भी हद तक चले जाते थे। उनकी इसी अदा के फैंस कायल थे जो उनके बुढ़ापे तक प्यार करते रहे। पंजाब की मिट्टी से उठकर कई कलाकार बॉलीवुड में आए लेकिन पंजाब के पुत्तर का खिताब लोगों ने केवल धर्मेंद्र को ही दिया। इसके पीछे उनकी अच्छी नीयत बड़ा कारण थी।
धर्मेंद्र सिंह देओल दिल के जितने अच्छे इंसान थे, उनको गुस्सा भी उतना ही जल्दी आता था। फैंस ने अक्सर उनका हंसता हुआ चेहरा देखा है लेकिन करीबी बताते हैं कि धर्मेंद्र को अगर कोई परेशान करता था तो उन्हें गुस्सा भी तुरंत आ जाता था। कुछ वक्त पहले जॉनी लीवर ने धर्मेंद्र के गुस्से का एक किस्सा सुनाया था और बताया था कि कैसे उन्होंने चलती लिफ्ट में एक व्यक्ति को घूंसा मार दिया था।
जॉनी लीवर ने किस्सा सुनाते हुए बताया था कि एक बार धरम पाजी किसी 5 स्टार होटल की लिफ्ट में थे। उस लिफ्ट में कुछ और लोग भी थे, जिनमें से एक व्यक्ति शराब पिया हुआ था। शराब पिया हुआ ये व्यक्ति लगातार धर्मेंद्र को देख रहा था और उन्हें चिढ़ाने के लिए पूछ रहा था "क्या ये धर्मेंद्र है।" धरम पाजी ने कुछ देर तक तो इस व्यक्ति को इग्नोर किया लेकिन उसके बाद उन्हें गुस्सा आ गया। जैसे ही शराबी व्यक्ति ने एक बार और उन्हें इरिटेट किया, वैसे ही वो भड़क पड़े।
धर्मेंद्र शराबी व्यक्ति से इस कदर चिढ़ गए थे कि वो अपना आपा खो बैठे और उन्होंने तुरंत उस व्यक्ति को घूंसा मार दिया। धर्मेंद्र ने घूंसा मारने के बाद शराबी से पूछा कि अब पता चल गया कि मैं धर्मेंद्र ही हूं। इसके बाद लिफ्ट में खड़े लोगों ने धरम पाजी को शांत किया और उस व्यक्ति को संभाला।
धर्मेंद्र के फैंस और चाहनेवाले उनके बारे में ऐसे लाखों किस्से सुनाते हैं। बताया जाता है कि धरम पाजी दिलदार इंसान थे, जिस कारण वो सभी की मदद करने की कोशिश करते थे। इसमें कई दफा उन्हें गुस्सा भी आता था और कई दफा उनकी बात से ही काम हो जाता था। धर्मेंद्र की यही खास बात थी जो उन्हें सालों साल फैंस की यादों में ताजा रखेगी।
धर्मेंद्र सिंह देओल की मृत्यु हुए एक हफ्ते से ऊपर हो चुका है लेकिन अब तक देश में उदासी है। धर्मेंद्र ने लगभग 65 सालों तक बॉलीवुड में काम किया और अपनी आखिरी सांस तक फिल्मों में काम करते ही रहे। उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस इस दिसम्बर में रिलीज होगी, जिससे अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा बॉलीवुड में कदम रखेंगे।