Dharmendra Family Tree detailed information: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के हीमैन धर्मेंद्र सिंह देओल अब इस दुनिया में नहीं रहे। धर्मेंद्र अपने जॉली नेचर और दरियादिली के लिए लोगों के बीच पहचाने जाते थे। धर्मेंद्र ने जिंदगी में दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी का नाम प्रकाश कौर था और दूसरी पत्नी को दुनिया ड्रीम गर्ल यानि कि हेमा मालिनी के नाम से जानती है। इन दो शादियों से धर्मेंद्र को 6 बच्चे सनी, बॉबी, अजेयता, विजेयता, ईशा और अहाना हुए। सनी-बॉबी के साथ-साथ ईशा लाइमलाइट में रहती हैं, जिस कारण इनके बारे में लोग जानते हैं लेकिन अजेयता, विजेयता और अहाना के बारे में लोगों को बहुत कम जानकारी है। अपनी इस रिपोर्ट में हम आपको धर्मेंद्र के 6 बच्चों के परिवार और उनके बच्चों के बारे में जानकारी देंगे।
सनी देओल बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के जख्मी शेर कहे जाते हैं लेकिन असल जिंदगी में वो बहुत शांत हैं। सनी की ही तरह उनके दोनों बच्चे भी शांत जीवन जीते हैं। सनी के बेटों का नाम करण देओल और राजवीर देओल है। इन दोनों ने ही बॉलीवुड फिल्मों में कदम रख दिया है और इंडस्ट्री में नाम कमाने की कोशिश कर रहे हैं।
बॉबी देओल के भी दो बेटे ही हैं। बॉबी दे बड़े बेटे का नाम आर्यमान देओल है और छोटे बेटे का नाम उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के ऊपर धरम देओल रखा है। बॉबी बताते हैं कि जब उनकी दादी धरम बोलती थीं तो उन्हें वो साउंड बहुत पसंद था। इसी कारण उन्होंने अपने छोटे बेटे का नाम धरम रखा।
धर्मेंद्र की सबसे बड़ी बेटी विजेयता देओल ने दिल्ली के नामी बिजनेसमैन विवेक गिल के साथ शादी की है। इन दोनों के भी दो बच्चे हैं। इनके नाम साहिल और प्रेरणा हैं। साहिल और प्रेरणा लाइमलाइट से दूर ही रहते हैं और अपने माता-पिता के साथ वक्त बिताना पसंद करते हैं।
धर्मेंद्र और प्रकाश कौर की छोटी बेटी अजेयता देओल ने डॉक्टर प्रकाश चौधरी के साथ शादी की थी। इन दोनों की दो बेटियां निकिता और प्रियंका हैं। अजेयता और प्रकाश की बड़ी बेटी निकिता डॉक्टर हैं और विदेश में ही प्रैक्टिस करती हैं।
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बड़ी बेटी ईशा देओल नामी एक्ट्रेस रही हैं। उन्होंने धूम जैसी फिल्म से लोगों के बीच लोकप्रियता बटोरी थी। ईशा ने सफल फिल्मी करियर के बाद फिल्मों से दूरी बना ली और भरत तख्तानी के साथ शादी की। इन दोनों का अब तलाक हो चुका है लेकिन दोनों अपने बच्चों राध्या और मिराया की साथ में मिलकर देखभाल करते हैं। ईशा एक्ट्रेस रही हैं, जिस कारण लाइमलाइट में बनी रहती हैं।
हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की छोटी बेटी अहाना देओल फिल्मों की दुनिया से दूर ही रहीं। भले ही अहाना ने फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की हो लेकिन उन्होंने कभी भी फिल्मों में काम करने की इच्छा नहीं जताई। अहाना देओल के तीन बच्चे हैं, जिनमें से दो जुड़वां बेटियां हैं। अहाना ने अपने बेटे का नाम डेरियन रखा है तो वहीं उनकी जुड़वां बेटियों के नाम एस्ट्रिया और अदिया हैं।