पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान बीते लंबे समय से जेल में बंद हैं। बीते दिनों उनकी मौत की खबरें उड़ीं तो हड़कंप मच गया। परिवार समेत फैंस और अन्य लोग इस सवाल का जवाब खोजने की कोशिश में हैं कि क्या इमरान खान सच में मर गए हैं या जिंदा हैं?
इमरान खान के साथ ही पाकिस्तान की कुख्यात कही जाने वाली अदियाला जेल भी चर्चा में आ गई है। ये वही जेल है, जिसका नाम सुनते ही कुख्यात अपराधियों की भी रूह कांप जाती है। आखिर इस जेल में ऐसा क्या है...
पाकिस्तान की इस अदियाला जेल का इतिहास 142 साल पुराना है। इस जेल में बेहद खतरनाक अपराधियों को रखा जाता है। ये जेल पाकिस्तान के रावलपिंडी में है और इसी वजह से इसे रावलपिंडी जिला जेल भी कहा जाता है।
सबसे पहले ये जेल कमेटी चौक तेली मोहल्ला में हुआ करती थी। इसके बाद इसे जिन्ना पार्क और जुडिशियल कॉम्प्लेक्स के पास शिफ्ट कर दिया गया। अब इसे तुड़वाकर अदियाला गांव के पास शिफ्ट कर दिया गया है। यानी कि ये जेल इतने सालों में 4 बार शिफ्ट हो चुकी है।
इसी जेल में पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो को फांसी दी गई थी। इस जेल में नवाज शरीफ और शाहिद खाकान जैसे पीएम को भी रखा जा चुका है। इनके अलावा कई स्वतंत्रता सेनानियों को भी पाकिस्तान की इस जेल में बंद रखा जा चुका है।
इस जेल में 1,900 कैदियों को रखने की क्षमता है। मगर इसकी हालत इतनी खराब है कि इसमें महिलाओं को मिलाकर 6,000 कैदियों को रखा गया है। इसमें हजारों कैदियों को कोठरी में कैद किया गया है, जहां न तो ठीक से खाने की सुविधा है और ना ही पीने की।
जिस जेल में इमरान खान बंद हैं, यहां पर कैदियों के लिए ठीक तरह से खाने पीने की सुविधा नहीं है और ऐसे में अकसर कैदी यहां कुपोषण और अन्य बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। कई कैदी तो यहां पर मर भी जाते हैं।
इस जेल में एक बार 148 कैदी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए थे। तब ये काफी सुर्खियों में रही थी। अब जब इमरान खान इस जेल में कैद हैं तो ये एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।