इमरान खान की तीन पत्नियां हैं। वर्तमान पत्नी है बुशरा बीबी। दूसरी पत्नी है रेहम खान, जिससे उनकी शादी जनवरी-अक्तूबर 2015 में हुई थी और पहली पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ (1995-2004). इन तीनों बीवियों में बुशरा बीबी काफी चर्चा में रहती हैं।
बुशरा बीबी को आध्यात्मिक गुरु माना जाता है। इमरान खान समेत पाकिस्तान के कई दिग्गज लोग उन्हें मार्गदर्शक के रूप में देखते हैं। इमरान समेत कई लोग इस बात को मानते हैं कि बुशरा बीबी उन्हें राजनीतिक और व्यक्तिगत फैसले लेने के लिए मार्गदर्शन देती हैं।
बात करें बुशरा बीबी की पढ़ाई-लिखाई की तो कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने लाहौर के एचिसन कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। साथ ही उन्होंने कार्डिफ यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई की है। इसके बाद कुवैत में उन्होंने बतौर स्किन स्पेशलिस्ट भी काम किया। हालांकि, आध्यात्म से वे हमेशा से जुड़ी रही हैं।
बताते चलें कि साल 2018 में इमरान खान और बुशरा बीबी का निकाह हुआ था। ये इमरान की तीसरी शादी थी। मगर कुछ ही समय के बाद ये शादी विवादों के घेरे में आ गई। विवाद इसलिये उठा क्योंकि बुशरा का अपनी शादी से तलाक 2017 में हुआ था और जनवरी 2018 में उनका इमरान से निकाह हुआ। इसका मतलब था कि इद्दत की अवधि पूरी नहीं हुई थी।
इमरान खान की दूसरी पत्नी की बात करें तो रेहाम बीबीसी के एक रीजनल शो साउथ टुडे की रिपोर्टर थीं। उन्हीं की वेबसाइट के मुताबिक पत्रकारिता के एक कॉलेज से पढ़ाई के बाद ही उन्हें बीबीसी में नौकरी मिली थी। हालांकि बाद में उनपर भी विवाद गहराया जब कॉलेज के अधिकारियों ने उनकी डिग्री को फर्जी बता डाला।