आईएमडी ने 3 जनवरी के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों पर बादल छाए रहने एवं बर्फबारी-बारिश का अनुमान जताया है। चिल्लां ए कला के कारण जनवरी माह में ये गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इधर, उत्तर भारत में शीतलहर के कारण गलन वाली ठंडक का एहसास होगा। मौसम विभाग ने बताया कि 3 से 5 जनवरी के बीच दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, यूपी, बिहार, एमपी में भीषण कोहरा छाए रहने और कोल्ड डे जैसे हालात बनने का अलर्ट है। उधर, दक्षिण भारत में मौसमी गतिविधियां यानी मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश अनुमान जताया जा रहा है। वहीं, पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र और गुजरात में कोहरा के साथ पारा गिरने के चांस बढ़ गए हैं।
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलने से कड़ाके की ठंड के आसार बढ़ते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने से गलन वाली सर्दी का सितम बढ़ेगा। हालांकि, दिन में हल्की धूप भी दिखाई देगी, लेकिन हवाओं के आगे बेअसर साबित होगी। पहाड़ों की ओर से आ रही पछुआ हवाओं के कारण अगले 2 से 3 दिन दिन और रात के तापमान मे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान में कमी आएगी। राज्य के करीब 45 से 50 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित होगी। कहीं-कहीं 10 मीटर की दूरी तक देखना मुश्किल हो सकता है। लिहाजा, ट्रेनों की लेट लतीफी और सड़क यातायात धीमा रहेगा। अधिकांश हवाई अड्डों से फ्लाइटें देरी से उड़ान भरेंगी और कई रद्द रहेंगी। उधर, पड़ोसी राज्य बिहार में भी शीतलहर का कहर जारी है। कई जिलों में शीत दिवस का अलर्ट जारी है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में कुहासा छाए रहने का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने की बड़ी संभावना है। आईएमडी ने खराब मौसम के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तीन से छह जनवरी तक कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की आशंका है। शीत लहर तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य औसत तापमान से 4.5-6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर जाता है। शनिवार को न्यूनतम तापमान के 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ और खराब श्रेणी में रहने की संभावना है। कल एक्यूआई 367 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है। वहीं, कोहरे के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर शुक्रवार को 66 उड़ानें रद्द कर दी गईं। आज भी कुछ ऐसी ही हालात रहने का अनुमान है।
पंजाब में घने कोहरे और शीतलहर के कारण से गिरते न्यूनतम तापमान से सर्दी का सितम बरकरार है। अधिकांश जिलों में घना कोहरा विजिबिलिटी को प्रभावित कर रहा है, जिससे ट्रेनें, सड़क यातायात पर बड़ा असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले 2 का पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य में न्यूनतम पारा गिरने का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, पटियाला में 10 डिग्री, पठानकोट में 8, बठिंडा 10, अमृतसर में 8 डिग्री, लुधियाना में 9 डिग्री, फरीदकोट में 9, गुरदासपुर में 7 और एसबीएस नगर में 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
हरियाणा में उत्तरी बर्फीली हवाओं के बहने से दिन और रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह से तापमान में बड़ी कमी आ सकती है, जिससे आने वाले दिनों में सर्दी और सितम बढ़ेगा। अगले 2 दिन शीतलहरी के कारण अंबाला में 9 डिग्री, हिसार में 11 डिग्री, करनाल में 9 डिग्री, रोहतक में 8 डिग्री, भिवानी 4, सिरसा में 9 डिग्री और नारनौल 4 डिग्री सेल्सियस रहने के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल, कोहरे से विजिबलिटी गिरेगी, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होगी।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड जारी है, जिसके चलते लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रविवार से ठंड और बढ़ने वाली है, और कुछ हिस्सों में रात का तापमान गिरकर लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। अधिकांश हिस्सों में शीतलहर चलेगी, जिससे कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपसा है। श्री गंगानगर , जयपुर, अलवर, बीकानेर और चूरू में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। आईएमडी के मुताबिक, आज भी जयपुर और सीकर समेत कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। जैसलमेर और उदयपुर में भी फ्लाइट संचालन में प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और कोहरा बने रहने की उम्मीद है। आईएमडी सवाई माधोपुर, सीकर, चूरू, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनू, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, हनुमानगढ़ और श्री गंगानगर सहित कई जिलों के लिए बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में नववर्ष की शुरुआत से बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। फिलहाल, केदारनाथ में सीजन की पहली बर्फबारी से मौसम काफी सुहावना है और कई स्थानों पर बारिश का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ, नारायण पर्वत, नीलकंठ समेत अन्य चोटियों पर बर्फबारी जारी रहेगी। फिलहाल, अगले 2 दिन तक देहरादून, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और उत्तरकाशी में घना कोहरा छाए रहने एवं शीतलहर चलने का अलर्ट है। अधिकांश जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में नए साल के दौरान बारिश और बर्फबारी के कारण मौसम पूरी तरह बदला हुआ है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी है। फिलहाल, डलहौजी, कमरूनाग, शिकारी देवी, त्रियुंड, हिमानी चामुंडा, लाहौल स्पीति, ताबो, कुकुरसेमी और किन्नौर आदि इलाकों में बर्फबारी जारी है। वहीं, शिमला, कुफुरी और नारकंडा में भी फाहे गिरने की संभावना बनी हुई है। आईएमडी की मानें तो 6 जनवरी तक पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा, जिससे न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन में शीतलहर और शाम-सुबह पहाड़ियां कोहरे की चादर में लिपटी नजर आएंगी, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा।
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है, जिसके कारण अगले कुछ दिन तक रुक-रुक कर बारिश एवं बर्फबारी की मामूली संभावनाएं बनी रहेंगी। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले 36 घंटों के दौरान कुछ ऊचे स्थानों पर आसमान बादलों से ढके रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या बारिश मौसम को प्रभावित कर सकती है। आईएमडी ने शनिवार को घाटी में न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना जताई है। खासकर, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री, पहलगाम में माइनस 6 डिग्री और गुलमर्ग का माइनस 7 डिग्री, जम्मू शहर में 6 डिग्री, बनिहाल में माइनस 2, भद्रवाह में माइनस 2 डिग्री और कटरा शहर में 6, बटोटे का 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। अधिकांश हिस्सों में नदियां, झीलें और नल की पाइप लाइने जम गई हैं। आईएमडी ने बताया कि 40 दिन के चिल्लई कलां के दौरान भारी बर्फबारी की संभावना है, जिससे आगे मौसम और गहरा सकता है।