बेस्टसेलिंग पर्सनल फाइनेंस बुक रिच डैड पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर साहसिक दावा किया है। इस बार उन्होंने कहा है कि बिटकॉइन 2030 तक $1 मिलियन यानी 10 लाख डॉलर (करीब ₹8.6 करोड़) प्रति कॉइन तक पहुंच सकता है।
हाल ही में किए गए एक ट्वीट में कियोसाकी ने अपनी निवेश सोच शेयर की। उन्होंने बताया कि वह कीमतों की बजाय संपत्तियों की मात्रा पर ध्यान देते हैं। "गरीब लोग कीमत पर ध्यान देते हैं, अमीर लोग मात्रा पर," उन्होंने लिखा कि उनका मानना है कि सोना, चांदी और बिटकॉइन जैसी संपत्तियों की कितनी मात्रा आपके पास है, यह उनके दाम से कहीं ज्यादा अहम है।
कियोसाकी ने खुलासा किया कि उन्होंने बिटकॉइन तब खरीदा जब इसकी कीमत करीब $6,000 थी। उन्होंने जितना संभव हो उतना बिटकॉइन खरीदने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा नहीं खरीद पाने का अफसोस जताया। उन्होंने इसकी वजह "नकली पैसा (Fake Money)" को बताया। एक ऐसा शब्द जो वह फिएट करेंसी (सरकारी मुद्राएं) के लिए अक्सर इस्तेमाल करते हैं। उनका मानना है कि फिएट करेंसी महंगाई दर की शिकार होती है और केंद्रीय बैंकों द्वारा नियंत्रित होती है।
कियोसाकी ने कहा कि 2030 तक बिटकॉइन के $1 मिलियन यानी 10 लाख डॉलर (करीब ₹8.6 करोड़) प्रति कॉइन होने की संभावना है। उनका संदेश साफ था रोजाना की कीमतों पर ध्यान देने से बेहतर है कि आप यह देखें कि आपके पास कितनी संपत्ति है। आपके भविष्य के लिए कीमतों से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि आपने कितनी मात्रा में संपत्तियां जमा की हैं।
कियोसाकी के विचारों को लेकर निवेशकों में मिश्रित प्रतिक्रिया है। कुछ लोग उन्हें मानते हैं और बिटकॉइन, सोना, और चांदी जैसे हार्ड एसेट्स को महंगाई और वित्तीय संकट से बचाव का तरीका मानते हैं। वहीं कई लोग $1 मिलियन बिटकॉइन की भविष्यवाणी को अवास्तविक मानते हैं, खासकर नियमन, तकनीकी स्वीकार्यता और बाजार के उतार-चढ़ाव के कारण।
यह पहली बार नहीं है जब कियोसाकी ने इस तरह की भविष्यवाणी की है। अप्रैल में उन्होंने दावा किया था कि बिटकॉइन $1 मिलियन से ऊपर जा सकता है (2035 तक) सोना $30,000 प्रति औंस, चांदी $3,000 प्रति सिक्का तक जा सकती है। साथ ही उन्होंने एक बड़े वित्तीय संकट की चेतावनी भी दी थी और निवेशकों से वैकल्पिक संपत्तियों में निवेश करने का आग्रह किया था। (डिस्क्लेमर: रॉबर्ट कियोसाकी द्वारा दी गई सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं। इससे टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल उनके विचारों का समर्थन नहीं करता है, क्रिप्टो करेंसी में निवेश जोखिम भरा होता है, इसमें निवेश करने से पहले एक्सपर्ट संपर्क करें।)