प्री-अप्रूव्ड पर्सनल लोन, सामान्य पर्सनल लोन की तरह ही होता है, लेकिन इसे लेने के लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होती। बैंक पहले से ही आपके क्रेडिट स्कोर, आय और बैंक के साथ आपके पुराने संबंधों के आधार पर यह लोन स्वीकृत करने की योग्यता तय कर लेता है और इसके बाद सीधे ग्राहक से संपर्क करता है।
इस तरह का लोन ब्याज दर में भी आम पर्सनल लोन से थोड़ा सस्ता हो सकता है, हालांकि यह जरूरी नहीं कि हर ग्राहक को कम ब्याज दर पर ही यह लोन मिले। प्री-अप्रूव्ड लोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बहुत तेजी से प्रोसेस होता है।
चूंकि बैंक के पास पहले से आपकी वित्तीय जानकारी होती है, इसलिए लोन जल्दी स्वीकृत और वितरित हो जाता है। इसके लिए बहुत कम डॉक्यूमेंटेशन की जरूरत पड़ती है और कई मामलों में अतिरिक्त कागज़ जमा करने की आवश्यकता नहीं होती।
यह लोन असुरक्षित (Unsecured) होता है, इसलिए गारंटी देने की भी जरूरत नहीं होती। जिन ग्राहकों के पास पहले से बैंक का लोन है, उन्हें अतिरिक्त राशि के लिए टॉप-अप का विकल्प भी मिल सकता है।
प्री-अप्रूव्ड लोन की प्रक्रिया काफी आसान है। बैंक सबसे पहले आपके क्रेडिट स्कोर और वित्तीय इतिहास का विश्लेषण करता है। अगर आप योग्य पाए जाते हैं, तो आपको प्री-अप्रूव्ड लोन का ऑफर भेजा जाता है, जिसमें लोन की राशि, ब्याज दर और अन्य शर्तें शामिल होती हैं।
ग्राहक इन शर्तों को पढ़कर लोन स्वीकार कर सकता है। हालांकि, प्री-अप्रूव्ड होने के बावजूद ब्याज दरें हमेशा सबसे कम नहीं होतीं। इसलिए लोन लेने से पहले ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस, प्रीपेमेंट पेनल्टी और अन्य शुल्कों की पूरी जानकारी लेना जरूरी है। जरूरत से ज्यादा लोन लेने से बचें और इसे सही तरीके से उपयोग करें।
प्री-अप्रूव्ड पर्सनल लोन एक सुविधाजनक और जल्दी मिलने वाला विकल्प है, खासकर उन लोगों के लिए जिनकी क्रेडिट हिस्ट्री मजबूत है।
यह लोन बिना आवेदन किए भी बैंक से सीधे ऑफर किया जाता है और आम पर्सनल लोन की तुलना में जल्दी प्रोसेस होता है। सही योजना और समझदारी से इस्तेमाल किया जाए, तो यह लोन आपकी फाइनेंशियल जरूरतों को तेजी से पूरा कर सकता है।