तेजप्रताप के ससुर चंद्रिका राय JDU में शामिल, दिए संकेत- ऐश्‍वर्या भी लड़ सकती हैं चुनाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 21, 2020, 07:44 AM IST

Chandrika Rai joins JDU: लालू के समधी और तेजप्रताप के ससुर चंद्रिका राय जेडीयू में शामिल हो गए हैं। उन्‍होंने बेटी के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए।

तेजप्रताप के ससुर चंद्रिका राय JDU में शामिल, दिए संकेत- ऐश्‍वर्या भी लड़ सकती हैं चुनाव
Photo Credit: ANI

पटना : बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए यहां राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कई पार्टियों के नेता अपनी पार्टी को छोड़ दूसरी पार्टियों का दामन थाम रहे हैं। इसी क्रम में अब राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) के तीन विधायकों ने पार्टी से अलग होते हुए मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल (युनाइटेड) का दामन थाम लिया है। इनमें बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री व आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय भी शामिल हैं।

आरजेडी को बड़ा झटका

चंद्रिका राय की बेटी ऐश्‍वर्या राय की शादी लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव से हुई थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद रिश्‍तों में खटास ऐसी बनी कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया और तलाक के लिए अर्जी दी गई। बाद में ऐश्‍वर्या राय ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप भी लगाए थे। रिश्‍तों में बढ़ती कड़वाहट के बीच पहले से कयास लगाए जा रहे थे कि चंद्रिका राय आरजेडी से अपना नाता तोड़ सकते हैं, जिस पर अब उन्‍होंने मुहर लगा दी है। चंद्रिका राय के साथ-साथ आरजेडी के दो अन्‍य विधायकों जयवर्धन यादव और फराज फातमी ने भी जेडीयू का दामन थाम लिया।

चंद्रिका राय जहां सारण जिले के परसा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, वहीं जयवर्धन यादव पालीगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, जबकि फराज फातमी दरभंगा जिला के क्वेटी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। ये तीनों गुरुवार को पटना स्थित जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए। इसे आरजेडी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले गुरुवार को ही हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा (HAM) के अध्‍यक्ष जीतन राम मांझी ने भी चुनाव से ऐन पहले महागठबंधन से अलग होने का फैसला लिया था, जिसके बाद महागठबंधन के कमजोर पड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

चुनाव लड़ेंगी ऐश्‍वर्या?

जेडीयू में शामिल हुए चंद्रिका ने बेटी ऐश्वर्या राय के आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए। उनके बयानों से यह भी संकेत मिलता है कि ऐश्‍वर्या राय लालू प्रसाद के बेटों तेजप्रताप या तेजस्‍वी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। यह पूछे जाने पर कि क्‍या ऐश्‍वर्या राय विधानसभा चुनाव लड़ेंगी? चंद्रिका राय ने कहा, 'ऐसा हो भी सकता है, पर फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। लेकिन जहां तक चुनाव लड़ने का सवाल है, नियम के मुताबिक, 25 साल से अधिक की उम्र का कोई भी शख्‍स, जो मानसिक रूप से स्‍वस्‍थ है और दिवालिया नहीं है, चुनाव लड़ सकता है।'

चंद्रिका राय ने यह भी कहा कि उन्‍हें यह जानने की इच्‍छा है कि दोनों भाई (तेजस्‍वी, तेजप्रताप) किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले हैं? जब उनसे यह पूछा गया कि उनका आशय क्‍या है, क्‍या उनकी बेटी इन दोनों भाइयों के खिलाफ मैदन में उतरेंगी? चंद्रिका राय ने इस सवाल का कोई सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, 'मैं ऐसा नहीं कह रहा हूं, पर मीडिया में इस तरह की अटकलें हैं कि ऐश्‍वर्या चुनाव लड़ेंगी या नहीं। वह चुनाव लड़ भी सकती हैं, नहीं भी।'

सुरक्षति सीट की तलाश में तेजस्‍वी, तेज प्रताप

उन्‍होंने दावा किया कि तेज प्रताप और तेजस्‍वी विधानसभा चुनाव में किसी सुरक्षित सीट की तलाश में हैं। उन्‍होंने तंज भरे लहजे में कहा, 'यह हैरान करने वाली बात है कि दोनों भाई किन्‍हीं सुरक्षित सीटों की तलाश में हैं, जबकि वे लालू प्रसाद के बेटे हैं और विपक्ष के नेता हैं और सत्‍ता में वापसी को लेकर बड़े-बड़े दावे भी करते हैं। लेकिन मैं साफ कर दूं कि राज्‍य में उनके लिए कोई भी सुरक्षित नहीं है।'

यहां उल्‍लेखनीय है कि बिहार में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल नवंबर में समाप्‍त हो रहा है। फिलहाल चुनाव के लिए तिथि जारी नहीं की गई है, लेकिन सियासी पारा उफान पर है। हालांकि कोरोना वायरस संक्रमण और बिहार के कई जिलों के बाढ़ की चपेट में होने के कारण फिलहाल यहां चुनाव टालने की मांग भी उठ रही है, लेकिन चुनाव आयोग ने इसे लेकर कुछ भी स्‍पष्‍ट नहीं किया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!