तेजस्वी यादव को उनके गढ़ राघोपुर में इस तरह घेरेगी BJP, बनाई खास रणनीति 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 8, 2020, 03:46 PM IST

Bihar Polls 2020: एनडीए में सीट बंटवारे के बाद राघोपुर सीट भाजपा के खाते में आई है। चूंकि तेजस्वी यादव महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं, ऐसे में यह सीट भाजपा के लिए और महत्वपूर्ण हो गई है।

तेजस्वी यादव को उनके गढ़ राघोपुर में इस तरह घेरेगी BJP, बनाई खास रणनीति 
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है। सभी राजनीतिक दल अपने चुनावी गणित का हिसाब-किताब लगाकर प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने लगे हैं। महागठबंधन एवं राजद के नेता तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं। तेजस्वी के लिए राघोपुर सीट सुरक्षित मानी जाती है लेकिन इस बार यहां से उन्हें कड़ी टक्कर मिल सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर तेजस्वी को घेरने के लिए अपनी एक रणनीति बनाई है। 

राघोपुर सीट भाजपा के हिस्से में आई
एनडीए में सीट बंटवारे के बाद राघोपुर सीट भाजपा के खाते में आई है। चूंकि तेजस्वी यादव महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं, ऐसे में यह सीट भाजपा के लिए और महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि, भाजपा ने इस सीट के लिए अभी अपने उम्मीदवार का चयन नहीं किया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक भाजपा के एक नेता ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि वैशाली जिले की इस सीट से तेजस्वी यादव मौजूदा विधायक हैं। वह एक बार फिर इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर तेजस्वी को हराने के लिए भाजपा ने एक रणनीति बनाई है।

इस सीट पर अपने कार्यकर्ताओं को प्रेरित कर रही भाजपा
उन्होंने कहा, 'राघोपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को लगाया जो दिन-रात काम कर रहे हैं। पार्टी जातिगत समीकरण पर काम करने के साथ-साथ बूथ से ब्लॉक स्तर पर कैडरों से संपर्क कर उनकी राय ले रही है। भाजपा के नेता अपने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हैं और यह बताते हैं कि इस चुनाव में राजद का शीर्ष नेतृत्व कहीं दिखाई नहीं दे रहा।'

2010 के विस चुनाव में इस सीट पर हारी थीं राबड़ी
सूत्रों का कहना है कि पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में राजद उम्मीदवार को महज 242 वोटों की लीड मिली थी। साल 2010 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी की माता एवं राजद नेता राबड़ी देवी को इस सीट पर जेडीयू के उम्मीदवार सतीश कुमार ने हराया था। भाजपा इस सीट पर अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराना चाहती है।

Bihar Chunav 2020

बड़ी जीत के लिए भाजपा उत्साहित
बिहार में भाजपा नेताओं को लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नाम पर पार्टी इस बार राज्य में बड़ी जीत दर्ज कर सकती है। एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है। जेडीयू 122 सीटों और भाजपा 121 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जेडीयू ने अपने हिस्से से सात सीटें जीत राम माझी की हम पार्टी को और भाजपा ने अपने खाते से 11 सीटें विकासशील इंसान पार्टी को दी है। विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!