दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में आज पीएम मोदी की दहाड़, राहुल गांधी की भी चुनावी रैली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 28, 2020, 06:36 AM IST

Bihar chunav 2020: बिहार में आज पहले चरण का मतदान हो रहा है, वहीं दूसरे व तीसरे चरण के लिए प्रचार और तेज हो गया है। पीएम मोदी और कांग्रेस नेता आज यहां कई रैलियों को संबोधित करेंगे।

दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में आज पीएम मोदी की दहाड़, राहुल गांधी की भी चुनावी रैली

पटना/दरभंगा/मुजफ्फरपुर : बिहार विधानसभा चुनाव में अपने अपने गठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज (बुधवार, 28 अक्‍टूबर) बिहार पहुंचेंगे। दोनों नेताओं का चुनाव प्रचार के लिये इस बार राज्य में दूसरा दौरा होगा। इससे पहले मोदी और राहुल 23 अक्तूबर को चुनाव प्रचार करने बिहार आए थे और उन्होंने कई रैलियों को संबोधित किया था।

पीएम मोदी, राहुल गांधी की कई रैलियां

मोदी दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में राजग उम्मीदवारों के लिए लोगों से समर्थन मांगेंगे जहां तीन नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा। राहुल गांधी इसी दिन वाल्मीकिनगर और कुशेश्वर स्थान में महागठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव में तीन नवंबर को विधानसभा के दूसरे चरण के साथ मतदान होगा।

प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह शुक्रवार को बिहार में चुनाव अभियान की शुरुआत की थी। मोदी ने डेहरी आन सोन, गया और भागलपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया था, जबकि राहुल गांधी ने नवादा के हिसुआ और भागलपुर के कहलगांव में चुनावी सभा को संबोधित किया था।

किए गए हैं कई बदलाव  

बिहार में ऐसे समय में चुनाव हो रहे हैं जब कोरोना वायरस का संक्रमण फैला है। इस स्थिति को देखते हुए व्यापक नियमन एवं प्रबंध किए गए हैं। दरभंगा से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़े स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने दरभंगा के जिला मजिस्ट्रेट एस एम त्यागराजन के साथ बैठक की, ताकि रैली स्थल पर दिशानिर्देशों का पालन किया जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि रैली स्थल पर किसी को भी बिना मास्क के आने नहीं दिया जाएगा और जो लोग प्रधानमंत्री के साथ मंच पर रहेंगे, उन्हें आरटी पीसीआर टेस्ट कराना होगा। मुजफ्फरपुर में मोदी की रैली मोतीपुर में होगी, जबकि पटना में उनकी रैली पशु चिकित्सा कॉलेज मैदान में होगी। संयोग से इसी पशु चिकित्सा कालेज परिसर के आवास में राजद प्रमुख लालू प्रसाद अपने आरंभिक दिनों में अपने भाई के साथ रहते थे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!