Aryan Khan: शाहरूख-गौरी खान से वीडियो कॉल पर हुई आर्यन की बातचीत, आर्थर रोड जेल में हैं बंद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 15, 2021, 01:43 PM IST

Cruise Drug Case : जेल अधिकारियों की मौजूदगी में यह बातचीत कराई गई। बता दें कि आर्यन खान (Aryan Khan) की जमानत अर्जी पर अब 20 अक्टूबर को सुनवाई होगी। आर्यन गत दो अक्टूबर से ही अपने माता-पिता से दूर हैं।

मुंबई : क्रूज ड्रग केस में आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन खान की वीडियो कॉल पर अपने माता-पिता शाहरूख और गौरी खान से बातचीत हुई है। आर्यन की गत बुधवार को अपने माता-पिता से करीब 10 मिनट तक वीडियो कॉल पर बात हुई। जेल अधिकारियों की मौजूदगी में यह बातचीत कराई गई। बता दें कि आर्यन खान की जमानत अर्जी पर अब 20 अक्टूबर को सुनवाई होगी। आर्यन गत दो अक्टूबर से ही अपने माता-पिता से दूर हैं। कोरोना महामारी की वजह से कैदियों को उनके परिवार से मिलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। हाई कोर्ट का आदेश है कि कैदी फोन पर हफ्ते में दो बार अपने परिवार से बातचीत कर सकते हैं। आर्यन को सामान्य बैरक में रखा गया है। वह जेल में कैदी नंबर एन 956 हैं। 

गुरुवार को विशेष कोर्ट में पूरी हुई सुनवाई

आर्यन खान की जमानत अर्जी पर गुरुवार को विशेष अदालत में सुनवाई हुई। एनसीबी और बचाव पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। इस बीच, शाहरूख खान ने कैंटीन से खरीदारी के लिए 4,500 रुपए आर्यन को भेजा है। जेल नियमावली के मुताबिक कैदी को एक महीने में 4,500 रुपए खर्च के लिए मिल सकते हैं। कोर्ट में आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने जमानत के लिए दलीलें दीं जबकि एनसीबी ने जमानत का विरोध किया। एनसीबी का कहना है कि आर्यन रसूखदार परिवार से आते हैं, जमानत मिलने पर वह साक्ष्यों को प्रभावित कर सकते हैं। जबकि मानशिंदे की दलील है कि उनके मुवक्किल के पास से ड्रग की बरामदगी नहीं हुई है और न ही उन्होंने ड्रग खरीदा और बेचा है। ऐसे में वह जमानत पाने के हकदार हैं।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!