मध्य प्रदेश

Damoh News: ATM में मदद का झांसा देकर ठगों ने बुजुर्ग को लूटा, कार्ड बदलकर उड़ाए 17 हजार

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में पथरिया नगर क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ ठगी का मामला सामने आया है। वे एटीएम से पैसे निकालने गए थे, तभी वहां खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। आरोपी ने उनके अकाउंट से 17 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

Image

दमोह में बुजुर्ग के साथ ठगी

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एटीएम में मदद के बहाने एक बुजुर्ग के साथ बड़ी ठगी हो गई। 77 वर्षीय बुजुर्ग इलाज के लिए पैसे निकालने के लिए पथरिया आए थे। इसी दौरान एक युवक ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। आरोपी ने उनके खाते से कुल 17 हजार रुपये निकला लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुटी हुई है।

बुजुर्ग के साथ कैसे हुई ठगी?

जानकारी के अनुसार साइबर ठगी का यह मामला दमोह के पथरिया नगर क्षेत्र का है। ग्राम सूखा निवासी 77 वर्षीय बालमुकुंद पटेल दोपहर में एटीएम पहुंचे थे। वे पैसे निकालने के लिए लाइन में लगे हुए थे। उनके आगे दो युवक खड़े थे। जिनमें से एक शख्स ने अपना अकाउंट बैलेंस चेक करने के बाद एटीएम में कुछ बटन दबाए। जब बुजुर्ग का नंबर आया तो उनका ट्रांसजैक्शन बार-बार फेल होने लगा। तभी उनके बगल में सेना की वर्दी में खड़े एक युवक ने कहा कि 'दादा आपको दिखता नहीं है, मैं मदद करता हूं।'

सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस

युवक ने मदद का बहाना कर मौके का फायदा उठाया और अपने कार्ड से बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदल लिया। उसने बुजुर्ग से कहा कि आपका कार्ड मशीन ले नहीं रही है, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। बुजुर्ग को तुरंत कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब वे बैंक पहुंचे तब उन्हें पता चला कि उनके अकाउंड से दो बार में 17 हजार रुपये निकाले गए हैं। बुजुर्ग ने तुरंत पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही हेल्पलाइन 1930 पर भी साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज की। थाना प्रभारी अमित मिश्रा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुकी है और पुलिस जांच में जुटी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article