'Navbharat Navnirman Manch': स्वतंत्र देव सिंह बोले-केवल मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करती है सपा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 15, 2021, 12:53 PM IST

टाइम्स नाउ नवभारत 'नवभारत नवनिर्माण मंच': भारतीय जनता पार्टी (BJP) के यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करती है। भाजपा सभी को साथ लेकर चलती है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। 2017 के विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की थी। इस बार के चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति क्या है। इस बारे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने टाइम्स नाउ नवभारत के कंसल्टिंग एडिटर सुशांत सिन्हा के साथ खुलकर बातचीत की। स्वतंत्र देव सिंह ने आगामी चुनावों में भाजपा किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी, इस पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।  

'अब्बा जान' वाले बयान पर क्या बोले स्वतंत्र देव सिंह
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र में मोदी जी और राज्य में योगी जी धर्मशास्त्र का पालन कर रहे हैं। दोनों नेता त्याग और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। कानून व्यवस्था के सवाल और 'अब्बा जान' बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह तो सम्मान की बात है। 'अब्बा जान' सम्मानजनक शब्द माना जाता है। सपा केवल मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करती है। उन्हें किसी से प्रेम नहीं है। हम वोट की परवाह नहीं करते। शौचालय मिलेगा तो सभी को मिलेगा। राशन मिलेगा तो सभी को मिलेगा। किसान सम्मान निधि सभी को मिलेगी। सभी को मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी राज में दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। 

'यूपी सरकार में कोई दंगा नहीं हुआ'
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यूपी में योगी सरकार के कार्यकाल में कोई दंगा नहीं हुआ। कानून-व्यवस्था ठीक है। सपा वोट बैंक के लिए कुछ भी कर सकती है। मुस्लिम वोट बैंक सपा से ज्यादा बसपा के पास है और वह सपा से ज्यादा मजबूत है।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!