लखनऊ: रेलवे अधिकारी की पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या, घर में मिले शव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 29, 2020, 05:52 PM IST

Lucknow Double Murder: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी आरडी वाजपेयी के घर से उनकी पत्नी और बेटे के शव मिले हैं। दोनों की गोली मारकर हत्या की गई है।

लखनऊ: रेलवे अधिकारी की पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या, घर में मिले शव
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रेलवे कॉलोनी में डबल मर्डर किया गया है। लखनऊ के पुलिस आयुक्त सुजीत पांडे ने बताया, 'रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी आरडी वाजपेयी की पत्नी और बेटे की लाशें आज उनके रेलवे कॉलोनी स्थित घर में मिली हैं। दोनों को गोली मारकर हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया यह लूट की घटना प्रतीत नहीं होती। जांच चल रही है।'

लखनऊ के गौतमपल्ली में स्थित यह रेलवे कॉलोनी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास से बहुत दूर नहीं है। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी और बेटे को दो लोगों ने उनके घर में गोली मार दी। मां और बेटे दोनों को उनके ही घर के अंदर गोली मारी गई। बेटा 20-22 साल का था और उसका शव उसकी मां के साथ बेड पर पड़ा था। महिला की उम्र 49 साल बताई जा रही है। रेलवे अधिकारी की बेटी ट्रॉमा में है।  

आरडी वाजपेयी अभी दिल्ली में कार्यरत हैं। घटना के तुरंत बाद लखनऊ पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे और पुलिस महानिदेशक एचसी अवस्थी घटनास्थल पर पहुंचे। अपराध स्थल पर डॉग स्क्वायड भी तैनात किया गया। सूत्रों ने बताया कि रेलवे अधिकारी की बेटी भी घर में मौजूद थी और उसने नौकर को हत्याओं के बारे में बताया। इसके बाद नौकर ने पुलिस को सूचित किया। खबर है कि हत्याओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिपोर्ट मांगी है और अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!