Mother Murder in Lucknow: बेटे द्वारा मां की हत्‍या मामले में पुलिस की थ्‍योरी पर उठे सवाल, आरोपी ने खोले राज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 14, 2022, 09:59 AM IST

Mother Murder in Lucknow: लखनऊ में 16 साल के नाबालिग बेटे द्वारा अपनी ही मां की हत्‍या मामले में आरोपी ने काउंसलिंग के दौरान कुछ ऐसी बातें बताई हैं, जिससे पुलिस की पूरी थ्‍योरी ही सवालों के घेरे में आ गई है। आरोपी नाबालिग ने बताया कि, उसे पब्‍जी पसंद ही नहीं है, वह सिर्फ क्रिकेट और फुटबॉल खेलता है। वहीं अब पुलिस भी मान रही है कि, इस हत्‍या के पीछे सिर्फ पब्‍जी ही वजह नहीं है।

Mother Murder in Lucknow: बेटे द्वारा मां की हत्‍या मामले में पुलिस की थ्‍योरी पर उठे सवाल, आरोपी ने खोले राज
Photo Credit: BCCL

Mother Murder in Lucknow: लखनऊ में 16 साल के नाबालिग बेटे द्वारा मां की हत्या मामले में नित्‍य नए ट्विस्ट आ रहे हैं। पब्‍जी गेम के लिए मां की हत्‍या होने की थ्‍योरी के बाद पुलिस जांच पर ही अब सवाल उठने लगे हैं। अब आरोप लग रहे हैं कि, यह पूरी थ्‍योरी ही पुलिस की गढ़ी हुई है, हत्‍या के समय घर में कोई तीसरा व्‍यक्ति भी मौजूद था, जिसके बारे में पुलिस अब पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस के रडार पर कई लोग हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि अभी इस बारे में पुलिस कुछ भी बताने से बच रही है।

दरअसल, इस मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब, बाल सुधार गृह में काउंसलिंग कमेटी के सामने आरोपी नाबालिग ने कहा कि, पब्‍जी सिर्फ पुलिस की बनाई हुई कहानी है, इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। आरोपी ने कहा कि, उसे पब्‍जी कभी पसंद ही नहीं था, उसे तो क्रिकेट और फुटबॉल खेलना पसंद है। काउंसलिंग के दौरान ही इस हत्‍याकांड में तीसरे किरदार का शक उभर कर सामने आया। एक काउंसलिंग मेंबर ने कहा कि, हत्‍या कर उसके साथ तीन दिनों तक रहना एक बच्‍चे के बस की बात नहीं है, इसमें कोई और भी शामिल है, वो जो भी है इन बच्चों का बेहद भरोसेमंद है। वही पुलिस ने भी माना कि, इस घटना के पीछे केवल पब्‍जी ही कारण नहीं है, इसके कई और पहलू हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

आधे घंटे बातचीत का रहस्‍य पता करने में जुटी पुलिस

पुलिस जांच में पता चला है कि, 7 जून की रात आरोपी बेटे ने पिता को फोन कर 49 सेकेंड बात की, जिसमें उसने बताया कि, मां को मार डाला है। जिसके बाद पिता ने कहा कि, मां की लाश दिखाओ। आरोपी बेटे ने कॉल कट कर वीडियो कॉल किया और अपने पिता को घर के अंदर का पूरा दृश्‍य दिखाया। इस दौरान आरोपी बेटे ने कमरे से पिस्टल उठाई, जिससे मां को गोली मारी थी। फिर पिस्टल पिता को दिखाते हुए कमरे से बाहर निकला और बाहर पिस्टल डाइनिंग टेबल पर रख दिया। इस बार दोनों के बीच करीब आधे घंटे बातचीत हुई। इस बातचीत के बाद पुलिस को सूचना दी गई। अब पुलिस इस दौरान हुई बातचीत पता लगाने में जुटी है। वहीं केस की जांच कर रहे इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि, घटना के पीछे केवल पब्‍जी ही एक कारण नहीं है। मृतका, आरोपी बेटे और उसके पिता की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। घटना के कई अन्‍य पहलुओं की जांच की जा रही हैं। कुछ फैक्‍ट की जानकारी भी मिली है, जिसके बारे में उच्‍च अधिकारियों को जानकारी दी गई है।

हत्‍या के कारण पर चढ़ा रहस्‍य का पर्दा  

इस हत्‍या की जांच में जुटी पुलिस और परिवार के बीच कुछ ऐसी बातचीत हुई है, जो अभी राज बना हुआ है। इस बीच परिवार के लोग पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट हैं। पुलिस कार्रवाई पर अपनी असंतुष्‍टी जाहिर करते हुए परिवार के एक व्यक्ति ने बताया कि, पब्‍जी की थ्‍योरी हम पर पुलिस की तरफ से जबरन थोपी गई है। इसके पीछे कुछ और ही कारण है। जिसे अभी न तो पुलिस सामने लाना चाहती हैं और न ही परिजन। कहा जा रहा है कि, इस हत्‍या की जो मुख्य वजह है वह परिवार सामने नहीं लाना चाहता, क्‍योंकि वह हत्या की दर्द से भी बड़ा है। इसलिए पुलिस की थ्‍योरी पर परिजन भी सहमति हुए।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!