अपनी सरकार के रिपोर्ट कार्ड से CM योगी ने विपक्ष को घेरा, बोले-यूपी को नंबर 1 राज्य बनाना लक्ष्य

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 3, 2022, 01:16 PM IST

CM Yogi Adityanath : लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'अपनी नीतिगत सुधारों के जरिए प्रदेश में सरकार ने निवेश का माहौल बदला। आज देश और भारत के उद्यमी निवेश के लिए उत्तर प्रदेश को चुन रहे हैं।'

अपनी सरकार के रिपोर्ट कार्ड से CM योगी ने विपक्ष को घेरा, बोले-यूपी को नंबर 1 राज्य बनाना लक्ष्य

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में सियासी पारे को और चढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास एवं सुशासन के मोर्चे पर समाजवादी पार्टी को एक बार फिर घेरा। अपनी पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से किए हुए सभी प्रमुख वादों को इन पांच सालों में पूरा किया है। सभी मोर्चों पर राज्य की तरक्की हुई है। कोरोना काल में सरकार के प्रबंधन की प्रशंसा देश और दुनिया में हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी निवेशकों के लिए पहली पसंद के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा, 'राज्य सरकार ने अपने प्रयासों के जरिए इज ऑफ डुइंग बिजनेस में प्रदेश को 14वें स्थान से दूसरे स्थान पर लाने में सफल हुई। इसके पहले निवेशक राज्य में निवेश करने से घबराते थे।'

हमारी सरकार ने प्रदेश में माहौल बदला-सीएम
लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'अपनी नीतिगत सुधारों के जरिए प्रदेश में सरकार ने निवेश का माहौल बदला। आज देश और भारत के उद्यमी निवेश के लिए उत्तर प्रदेश को चुन रहे हैं।' सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद प्रतिव्यक्ति आय जहां प्रतिवर्ष 47,000 रुपए थी, उनकी सरकार ने उसे बढ़ाकर 54,000 रुपए किया है। इसी तरह राज्य का बजट भी 2,00,000 करोड़ रुपए से बढ़कर 6,00,000 करोड़ रुपए तक पहुंचा है। 

'कोरोना प्रबंधन के लिए मिली सराहना'
कोरोना महामारी पर अपनी बात रखते हुए सीएम ने कहा कि इसे नियंत्रित करने एवं इसका उचित प्रबंधन करने में राज्य सरकार सफल रह है। कोरोना संकट के दौरान सरकार के प्रबंधन की प्रशंसा देश और दुनिया में हुई। उन्होंने कहा, 'सरकार बनने के पहले तीन साल तक हमने राज्य की छवि बदलने की दिशा में काम किया। इसके बाद के दो वर्ष कोविड की भेंट चढ़ गए। फिर भी पीएम मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हमारी सरकार कोरोना की चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। यहां तक कि सरकार के कोरोना प्रबंधन को वैश्विक पहचान मिली।'

राजस्थान में फंसे छात्रों को घर लाए-सीएम
कोरोना टीकाकरण अभियान के बारे में जानकारी देते हुए सीएम ने कहा कि राज्य में 70 प्रतिशत आबादी को टीके की दोनों खुराक और वैक्सीन की शत प्रतिशत पहली डोज योग्य आबादी को लग चुकी है। जबकि राज्य के 15.4 करोड़ लोगों को अतिरिक्त डोज लग चुकी है। उन्होंने कहा, 'कोरोना संकट के समय राजस्थान के कोटा में फंसे यूपी के छात्रों को हम वापस उनके घर लेकर आए। यही नहीं, महामारी के दौरान 40 लाख से ज्यादा प्रवासी यूपी लौटे। सरकार ने इन्हें भी राहत दी।' मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मेडिकल ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने ऑक्सीजन के 551 संयंत्र लगाए। 
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!