Hardship Camps: बच्चों को मेहनत की कीमत समझाना और उन्हें जिंदगी की मुश्किलों से रूबरू कराना हर माता-पिता की चिंता होती है। इसी कारण कुछ माता-पिता ने एक ऐसा तरीका चुना है, जो इन दिनों चर्चा में है। वे अपने बच्चों को छुट्टियों में ऐसे कैंप भेज रहे हैं, जहां उन्हें खेतों में काम करना पड़ता है। इन कैंपों को ‘हार्डशिप कैम्प्स' कहा जा रहा है और ये सब हो रहा है चीन में।
इन कैंपों में बच्चे गांव के माहौल में रहते हैं और किसानों की तरह काम करने की कोशिश करते हैं। उन्हें आलू खोदने और बेचने, पेड़ों की छाल निकालने, लकड़ी काटने और सूअरों को चारा देने जैसे काम दिए जाते हैं। कई बार काम इतना थकाने वाला होता है कि बच्चे रोने लगते हैं। इसके बावजूद इन कैंपों की लोकप्रियता बढ़ रही है।
हजारों रुपये देकर सीख रहे हैं मेहनत
इन कैंपों की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां बच्चे जो मेहनत वाला काम करते हैं, उनके माता-पिता इसके लिए पैसे देते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई परिवार इसके लिए हजारों चीनी युआन खर्च कर रहे हैं, यानी सैकड़ों डॉलर तक की रकम। इन कैंपों का आयोजन मुख्य रूप से चीन के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों, जैसे सिचुआन, गुइझोउ और युन्नान में हो रहा है।
आखिर बच्चों को ऐसी जगह क्यों भेज रहे हैं पेरेंट्स?
इन कैंपों के आयोजकों का कहना है कि उनका मकसद बच्चों को यह समझाना है कि पैसा कमाना और रोजमर्रा की जिंदगी चलाना कितना मेहनत वाला काम है। बच्चों को जब खुद खेत में काम करना पड़ता है, जानवरों की देखभाल करनी होती है या शारीरिक मेहनत करनी पड़ती है, तो उन्हें अपने माता-पिता की मेहनत का अंदाजा होता है। यानी इसका मकसद सिर्फ बच्चों को मेहनत, जिम्मेदारी और परिवार की अहमियत समझाना है।
लक्जरी कैंप या सच में जिंदगी का सबक?
इन कैंपों को लेकर एक दिलचस्प विरोधाभास भी है। बच्चे वहां वही काम करते हैं जो गांवों में कई लोग रोजी-रोटी के लिए करते हैं, लेकिन इन बच्चों को वही अनुभव लेने के लिए पैसे देने पड़ते हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में बच्चों को खेतों और ग्रामीण इलाकों में काम करते देखा जा रहा है। कुछ बच्चों के लिए यह अनुभव नया और मुश्किल है, जबकि कुछ माता-पिता इसे जरूरी जीवन-शिक्षा मान रहे हैं।
यह ट्रेंड एक बड़ा सवाल भी खड़ा करता है कि क्या बच्चों को मेहनत की कीमत समझाने के लिए उन्हें जानबूझकर मुश्किल परिस्थितियों में डालना जरूरी है? एक तरफ माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे सुविधाओं के बीच बड़े होने के बावजूद संघर्ष और मेहनत को समझें। दूसरी तरफ यह भी सवाल है कि बच्चों को जिम्मेदारी सिखाने और उन्हें मानसिक या शारीरिक रूप से परेशान करने के बीच की सीमा आखिर कहां है।
फिलहाल चीन में ‘हार्डशिप कैम्प्स’ का चलन इसी बहस के बीच तेजी से चर्चा में है। ये कैंप यह जरूर दिखाते हैं कि आज के दौर में माता-पिता अपने बच्चों को सिर्फ किताबों और स्कूल के जरिए नहीं, बल्कि अनुभव के जरिए भी जिंदगी के सबक सिखाना चाहते हैं।
