लाइफस्टाइल

हर बात पर 'सॉरी' बोलना अच्छी आदत या आत्मविश्वास की कमी? जानें क्या कहती है आपकी पर्सनैलिटी

Psychology Facts: क्या आपको भी हर बात पर सॉरी बोलने की आदत है? यही इसका जबाव हां है तो ये आपकी पर्सनैलिटी के बारे में बहुत कुछ बताता है। आइए जानते हैं क्या ये अच्छी आदत है या आत्मविश्वास की कमी दिखाता है?

Image

सॉरी बोलना अच्छी आदत या आत्मविश्वास की कमी?

Psychology Facts: कई लोग ऐसे होते हैं जो छोटी-छोटी बातों पर भी तुरंत 'सॉरी' बोल देते हैं। किसी से रास्ता पूछना हो, किसी की बात बीच में काट दी हो या फिर बिना किसी गलती के भी बातचीत खत्म करते समय 'सॉरी' कहना उनकी आदत बन जाती है। पहली नजर में यह व्यवहार विनम्रता और अच्छे संस्कार का प्रतीक लगता है, लेकिन मनोवैज्ञानिक मानते हैं कि हर समय माफी मांगना (Over Apologizing) हमेशा अच्छी बात नहीं होती। कई बार यह आत्मविश्वास की कमी, लोगों को खुश रखने की आदत या खुद को कम आंकने का संकेत भी हो सकता है। आइए जानते हैं साइक्लॉजी के आधार पर क्या कहती है आपकी पर्सनैलिटी?

क्यों बन जाती है 'सॉरी' बोलने की आदत

कुछ लोगों को बचपन से ही सिखाया जाता है कि दूसरों को नाराज नहीं करना चाहिए। यही कारण है कि धीरे-धीरे वे हर स्थिति में खुद को जिम्मेदार मानने लगते हैं। इसके अलावा अस्वीकृति का डर, रिश्ते खराब होने की चिंता या किसी को दुखी न करने की इच्छा भी आपकी इस आदत को बढ़ा सकती है। कई बार यह व्यवहार इतना स्वाभाविक हो जाता है कि व्यक्ति बिना सोचे-समझे "सॉरी" बोल देता है।

कब अच्छा है सॉरी बोलना

गलती होने पर माफी मांगना परिपक्वता और जिम्मेदारी की निशानी है। यदि आपकी वजह से किसी का नुकसान हुआ है, किसी की भावनाएं आहत हुई हैं या आपने वास्तव में कोई भूल की है, तो दिल से 'सॉरी' कहना रिश्तों को मजबूत बनाता है। इससे सामने वाले को सम्मान का एहसास होता है और आप अपनी गलती स्वीकार करने का साहस भी दिखाते हैं।

कब दिखाता है आत्मविश्वास की कमी

यदि आप बिना किसी गलती के भी बार-बार माफी मांगते हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि आप अपनी बात रखने में असहज महसूस करते हैं। ऐसे लोग अक्सर दूसरों की स्वीकृति पाने की कोशिश करते हैं और अपनी जरूरतों को पीछे छोड़ देते हैं। यही आप बार-बार ऐसा करते हैं, तो धीरे-धीरे इसका असर आपके आत्मसम्मान और व्यक्तित्व पर भी पड़ सकता है।

कैसे पर्सनैलिटी पर पड़ता है असर

लगातार "सॉरी" बोलने से कई बार लोग आपको जरूरत से ज्यादा झिझकने वाला व्यक्ति समझ सकते हैं। आपके वर्क प्लेस पर इससे आपकी बात का प्रभाव कम हो सकता है। वहीं पर्सनल रिश्तों में भी सामने वाला यह मान सकता है कि आप हर स्थिति में खुद को ही दोषी मान लेते हैं। इससे आपकी इमेज कमजोर आत्मविश्वास वाले व्यक्ति की बन सकती है।

इस आदत को कैसे बदलें?

  • पहले यह पहचानें कि क्या वास्तव में आपकी गलती है।
  • बिना वजह माफी मांगने से पहले कुछ सेकंड रुककर सोचें।
  • अपनी बात आत्मविश्वास के साथ रखना सीखें।
  • हर किसी को खुश रखने की कोशिश न करें।
  • अपने आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने पर काम करें।

याद रखें कि 'सॉरी' कहना एक खूबसूरत आदत है, लेकिन तभी जब उसकी जरूरत हो। बिना वजह हर समय माफी मांगना आपकी विनम्रता से ज्यादा आपके आत्मविश्वास की कमी को दिखा सकता है। इसलिए जहां गलती हो वहां दिल से माफी मांगें, लेकिन जहां आपकी कोई गलती नहीं है, वहां खुद को बिना वजह दोषी ठहराने से बचें।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article