Non-stick Cookware: नॉन-स्टिक पैन आज लगभग हर रसोई का अहम हिस्सा बन चुका है। इसमें कम तेल में खाना बन जाता है और सफाई भी आसान रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर नॉन-स्टिक बर्तनों की एक निश्चित उम्र होती है? समय के साथ इसकी कोटिंग खराब होने लगती है और यही खराब कोटिंग आपकी कुकिंग के साथ-साथ सेहत पर भी असर डाल सकती है। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि किन संकेतों के बाद आपको अपना पुराना नॉन-स्टिक पैन बदल देना चाहिए। आइए जानते कुछ ऐसे संकेत जो नॉन-स्टिक बर्तनों (Kitchen Essentials) के बदलने का इशारा करते हैं।
कोटिंग उखड़ने लगे
अगर बर्तन की सतह पर खरोंचें दिखाई देने लगी हैं या उसकी नॉन-स्टिक कोटिंग जगह-जगह से निकलने लगी है, तो यह सबसे बड़ा संकेत है कि अब इसे बदल देना चाहिए। खराब कोटिंग वाले पैन में खाना चिपकने लगता है और लंबे समय तक ऐसे बर्तन का इस्तेमाल करना सही नहीं माना जाता है। इसमें भी यदि आप मेटल के चम्मच का उपयोग करते हैं, तो इनकी कोटिंग जल्दी खराब हो सकती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - कपूरथला की उस महारानी के लिए प्यार बन गया काल, कुतुब मीनार से कूदकर दे दी थी जान
खाना चिपकने लगे
नॉन-स्टिक बर्तनों की सबसे बड़ी खासियत ही यह होती है कि उसमें खाना चिपकता नहीं है। यदि अब आपके पैन या बर्तन में डोसा, ऑमलेट या सब्जियां बार-बार चिपकने लगी हैं, तो समझिए कि उसकी नॉन-स्टिक कैपेसिटी खत्म हो चुकी है। ऐसे पैन में ज्यादा तेल भी डालना पड़ता है, जिससे उसका नॉन-स्टिकी उद्देश्य भी खत्म हो जाता है।
पैन का रंग दिखे फीका
नॉन-स्टिक बर्तनों की कोटिंग काफी चमकदार होती है। लेकिन लगातार तेज आंच पर खाना बनाने से नॉन-स्टिक पैन की सतह का रंग बदल सकता है। यदि पैन की कोटिंग फीकी, धुंधली दिखाई देने लगे, तो यह उसकी क्वालिटी में गिरावट का संकेत है। ऐसा होने पर नया पैन लेना बेहतर होता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - चॉपिंग बोर्ड और चाकू की सही जोड़ी क्यों है जरूरी?
उम्र के हिसाब से तय करें
आमतौर पर घरेलू उपयोग वाले अधिकांश नॉन-स्टिक पैन की उम्र लगभग 3 से 5 साल मानी जाती है। यदि आपका पैन इस उम्र की सीमा से अधिक पुराना है और रोजाना इस्तेमाल होता है, तो उसकी कंडीशन की जांच जरूर करें। यदि हो सके तो इसे बदल लेना चाहिए।
बर्तन टेढ़ा या मुड़ा दिखाई देना
अगर बर्तन की तली प्लेन नहीं रही और वह बीच से उभर गई या किनारों से मुड़ गई है, तो खाना समान रूप से नहीं पक सकेगा। यह समस्या अधिक गर्म करने या लंबे समय तक उपयोग करने से हो सकती है। यदि आपका बर्तन टेढ़ा या मुड़ा हुआ है तो इसे बदलने का समय आ गया है।
