लाइफस्टाइल

फूलगोभी की सब्जी बनाने का सही तरीका क्या है, गोभी की सब्जी में कौन-कौन से मसाले डाले जाते हैं

गोभी की सब्जी में क्या-क्या डालते हैं: बहुत ज्यादा पानी डालने से सब्जी का स्वाद पतला हो सकता है और बार-बार जोर से चलाने से फूल टूट जाते हैं। तो ये काम आपको बिल्कुल भी नहीं करनाहै।

Image

फूलगोभी की सब्जी बनाने का सही तरीका क्या है? जानिए जरूरी मसाले और खास टिप्स (Photo: iStock)

ठंड का मौसम हो और खाने के प्लेट में गोभी की मसालेदार सब्जी, फिर तो मजा ही आ जाता है। वैसे गोभी की सब्जी बनाना भी एक कला है। दरअसल होता ये है कि कई बार पकाने के दौरान ही सारी गोभी गल जाती है। कई बार तो ये होता है कि गोभी कच्ची रह जाती है। मसालों को लेकर भी गलतियां होती रहती हैं। हालांकि आज हम यहां आपको कुछ ऐसी बातें बताएंगे जिससे आपके लिए स्वादिष्ट गोभी की सब्जी बनाना चुटकी का खेल हो जाएगा।

फूलगोभी की सब्जी में कौन-कौन से मसाले डाले जाते हैं?

मसाले किसी भी पकवान की जान होते हैं। गोभी की सब्जी के साथ भी ऐसा है। वैसे गोभी में बहुत ज्यादा गरम मसाला नहीं पड़ता। इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा, हींग या साबुत धनिया हल्का कूटकर डाला जा सकता है।पकने के आखिर में थोड़ा गरम मसाला और सूखी कसूरी मेथी सब्जी की खुशबू को दोगुना कर देते हैं।

अदरक-लहसुन का पेस्ट या बारीक कटा अदरक और टमाटर भी इस सब्जी के स्वाद को निखारते हैं, खासकर सर्दियों में ताजी गोभी के साथ अदरक का मेल खूब जमता है।

फूलगोभी की सब्जी बनाने का सही तरीका क्या है

फूलगोभी के फूलों को एकसार आकार में काटें ताकि वे एक साथ पकें। गुनगुने पानी में थोड़ा नमक डालकर गोभी को कुछ देर भिगो दें, जिससे वह अच्छी तरह साफ हो जाए और कीड़ों या अशुद्धियों का डर न रहे। पानी छानकर गोभी को पूरी तरह सुखा लें।

अब कड़ाही में तेल गरम करके जीरा और हींग डालें। फिर गोभी के टुकड़ों को मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इससे गोभी का पानी सूखता है और वह टूटती नहीं, बल्कि बाहर से हल्की करारी और भीतर से नरम बनती है।

इसके बाद गोभी निकालकर या उसी कड़ाही में प्याज, अदरक-लहसुन और टमाटर भूनें। आंच धीमी करके हल्दी, धनिया और मिर्च डालें ताकि मसाले जलें नहीं। मसाले तेल छोड़ने लगें तो गोभी डालकर हल्के हाथ से मिलाएं।

सूखी सब्जी बनानी हो तो कड़ाही ढककर धीमी आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें। तरी वाली सब्जी के लिए जरूरत के हिसाब से गरम पानी डालें। आखिर में गरम मसाला, कसूरी मेथी और हरा धनिया डालकर दो मिनट दम दें।

गोभी की सब्जी बनाएं तो ना करें ये गलतियां

जल्दबाजी में तेज आंच पर गोभी पकाने से वह बाहर से जल जाती है और अंदर से कच्ची रह जाती है। बहुत ज्यादा पानी डालने से सब्जी का स्वाद पतला हो सकता है और बार-बार जोर से चलाने से फूल टूट जाते हैं। तो ये काम आपको बिल्कुल भी नहीं करने हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article