लाइफस्टाइल

Winter Gardening Tips: ठंड के मौसम में गुलाब और गेंदे के पौधे में कितना पानी डालना चाहिए? जानें सही तरीका, खिलेंगे ढेर सारे फूल

सर्दियों में गुलाब और गेंदे के पौधों को ज्यादा पानी देना नुकसानदायक हो सकता है। जानिए ठंड के मौसम में इन पौधों को कब और कितना पानी दें, सिंचाई का सही समय और ज्यादा फूल पाने के आसान घरेलू टिप्स।

Image

ठंड के मौसम में गुलाब और गेंदे के पौधे में कितना पानी डालना चाहिए

Winter Gardening Tips: सर्दियों का मौसम आते ही बगीचे में रंग-बिरंगे फूलों की रौनक बढ़ने लगती है। खासकर गुलाब और गेंदे के पौधे ठंड के दिनों में खूब खिलते हैं। इनकी खूबसूरती देखकर मन करता है कि रोज पौधों को पानी दें और उनकी अच्छी तरह देखभाल करें। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सर्दियों में जरूरत से ज्यादा पानी देना आपके प्यारे पौधों के लिए नुकसानदायक हो सकता है?

ठंड में मिट्टी जल्दी नहीं सूखती, ऐसे में बार-बार पानी डालने से जड़ों में नमी जमा हो सकती है। इससे पौधे की बढ़त रुक सकती है और फूल भी कम आ सकते हैं। अच्छी बात यह है कि गुलाब और गेंदे के पौधों को हरा-भरा रखने के लिए आपको कोई महंगा गार्डनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। बस पानी देने का सही समय और तरीका समझना जरूरी है। देखें गुलाब के पौधे में कितना पानी डालना चाहिए, गेंदे के पौधे में कब पानी डाले, गार्डनिंग टिप्स।

गुलाब के पौधे की देखभाल कैसे करें

गुलाब का पौधा सर्दियों में अच्छी तरह फूल देता है, लेकिन इसकी जड़ों को बहुत ज्यादा पानी पसंद नहीं होता। अगर आपने गुलाब का पौधा गमले में लगाया है, तो मिट्टी की ऊपरी 1-2 इंच परत सूखने के बाद ही पानी डालें।

आमतौर पर गमले में लगे गुलाब को हर 2 दिन में पानी की जरूरत पड़ सकती है। पानी इतना डालें कि मिट्टी अच्छी तरह नम हो जाए और नीचे के छेद से थोड़ा पानी निकलने लगे।

गेंदे के पौधे में कितना पानी देना चाहिए

गेंदे के पौधे को भी बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। सर्दियों में इसकी मिट्टी सूखने पर ही सिंचाई करें। गमले में लगे गेंदे के पौधे को सामान्य मौसम में लगभग 2-4 दिन के अंतर पर पानी दिया जा सकता है। ध्यान रखें कि पौधे की जड़ों के पास पानी जमा न हो। इससे जड़ें खराब हो सकती हैं।

दोनों ही पौधों में आप सर्दियों के मौसम में पानी सुबह हल्की धूप निकलने के बाद ही दें। ऐसा करने से पौधों की मिट्टी को दिनभर की धूप में सूखने का समय मिल जाएगा और पौधे अच्छे से ग्रो करेंगे।

फूल ज्यादा खिलाने के लिए अपनाएं ये छोटी ट्रिक

गुलाब और गेंदे के पौधों को रोजाना 4-6 घंटे अच्छी धूप मिलने दें। सूखे फूलों को समय-समय पर हटा दें। इससे पौधे की ऊर्जा नए फूल बनाने में लग सकती है। साथ ही मिट्टी को समय-समय पर हल्का गुड़ाई करके भुरभुरा रखें।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article