आधुनिक दौर में डेटिंग की दुनिया तेजी से बदल रही है। सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स के बढ़ते प्रभाव के कारण रिश्तों को लेकर नए-नए ट्रेंड सामने आ रहे हैं। इन्हीं में से एक है 6–7 डेटिंग ट्रेंड, जो खासतौर पर Gen Z यानी युवाओं के बीच काफी पॉपुलर में है। यह ट्रेंड पारंपरिक रोमांटिक सोच से थोड़ा अलग है और रिश्तों को अधिक व्यावहारिक नजरिये से देखने की सलाह देता है।
क्या है 6-7 डेटिंग ट्रेंड
6–7 डेटिंग का मतलब है किसी ऐसे व्यक्ति को चुनना जो परफेक्ट न हो, लेकिन भरोसेमंद, समझदार और भावनात्मक रूप से सुरक्षित हो। यानी लोग अब ऐसे साथी की तलाश कर रहे हैं जो दिखने में या व्यक्तित्व में भले 10/10 न हो, लेकिन उसके साथ जीवन स्थिर और शांत महसूस हो। इस ट्रेंड में युवा जानबूझकर ऐसे पार्टनर को चुन रहे हैं जिन्हें वे खूबसूरती या अट्रैक्शन के पैमाने पर 10 में से 6 या 7 रेटिंग देंगे।
पहले फिल्मों और कहानियों में अक्सर 'परफेक्ट पार्टनर' या आदर्श प्रेम की कल्पना दिखाई जाती थी। इसी कारण कई लोग अपने रिश्तों में भी उसी तरह की तीव्र भावनाएं और नाटकीय रोमांस खोजने लगते थे। लेकिन वास्तविक जीवन में ऐसा होना हमेशा संभव नहीं होता। इसी सोच से हटकर 6–7 डेटिंग ट्रेंड लोगों को यह समझाने की कोशिश करता है कि रिश्तों में स्थिरता, भरोसा और सम्मान अधिक महत्वपूर्ण हैं।
6-7 डेटिंग ट्रेंड के फायदे
इस ट्रेंड के पीछे एक और कारण है डेटिंग फटीग यानी डेटिंग से थकान। आजकल डेटिंग ऐप्स पर बहुत सारे विकल्प मौजूद हैं, जिससे लोग अकसर तुलना करने लगते हैं और हर बार 'बेहतर' विकल्प की तलाश में रहते हैं। इससे रिश्ते टिक नहीं पाते। ऐसे में कई युवा अब ऐसे साथी को प्राथमिकता दे रहे हैं जो भावनात्मक रूप से परिपक्व हो और जिसके साथ रिश्ता आरामदायक लगे।
6–7 डेटिंग का एक और पहलू यह भी है कि इसमें रिश्ते पर अनावश्यक दबाव नहीं डाला जाता। इसमें दोनों लोग एक-दूसरे को समझने के लिए सीमित लेकिन नियमित समय बिताते हैं और अपने व्यक्तिगत जीवन व सीमाओं का सम्मान करते हैं। इससे रिश्ता धीरे-धीरे मजबूत होता है और मानसिक दबाव भी कम रहता है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेंड लोगों को अत्यधिक सरल वर्गीकरण में भी बांट सकता है, जैसे कि किसी को केवल 'रेटिंग' के आधार पर आंकना। फिर भी कई लोगों के लिए यह तरीका रिश्तों को अधिक यथार्थवादी नजरिये से देखने में मदद करता है।
कुल मिलाकर, 6–7 डेटिंग ट्रेंड यह संदेश देता है कि सच्चा रिश्ता हमेशा फिल्मी रोमांस से नहीं बनता। कभी-कभी शांति, भरोसा और समझ ही लंबे और सफल रिश्ते की असली नींव होते हैं।
