क्रिकेट

हैरान हैं दीपक पटेल, कहा- भारत अश्विन के बाद कोई ऑफ-स्पिनर तैयार नहीं कर पाया

Deepak Patel On Indian Spinners: न्यूजीलैंड के पूर्व ऑफ-स्पिनर दीपक पटेल इस बात से हैरान हैं कि रविचंद्रन अश्विन के बाद भारत कोई अदद ऑफ-स्पिनर तैयार नहीं कर पाया। अश्विन को वह टी20 क्रिकेट में सफलता हासिल करने वाला अंतिम विशेषज्ञ ऑफ-स्पिनर भी मानते हैं।

Image

रविचंद्रन अश्विन

Photo : AP

न्यूजीलैंड के पूर्व ऑफ-स्पिनर दीपक पटेल इस बात से हैरान हैं कि रविचंद्रन अश्विन के बाद भारत कोई अदद ऑफ-स्पिनर तैयार नहीं कर पाया। अश्विन को वह टी20 क्रिकेट में सफलता हासिल करने वाला अंतिम विशेषज्ञ ऑफ-स्पिनर भी मानते हैं। न्यूजीलैंड के लिए 37 टेस्ट और 75 वनडे खेलने वाले पटेल का मानना है कि बल्लेबाजी में आए बदलावों के कारण ऑफ-स्पिनरों को कम मौके मिल रहे हैं लेकिन उनका मानना है कि विभिन्न देशों के कप्तानों को भी इस विविधता पर अधिक भरोसा दिखाने की जरूरत है।

पटेल ने ऑकलैंड स्थित अपने घर से पीटीआई से कहा, ’’मैं वास्तव में इस बात से बहुत हैरान हूं कि कप्तान ऑफ-स्पिनरों को लेकर कितने नकारात्मक हो गए हैं। यह वास्तव में इस बात पर निर्भर करता है कि कप्तान ऑफ-स्पिनरों का उपयोग कैसे करते हैं, लेकिन निश्चित रूप से आज के बल्लेबाज बेहतर हो गए हैं।’’

पटेल ने कहा, ’’मुझे यह बात समझ में नहीं आती कि भारत एक अच्छा ऑफ-स्पिनर तैयार करने में असफल रहा है। किसी अच्छे ऑफ-स्पिनर को उभरते हुए और शीर्ष स्तर पर सफल होते देखना रोमांचक होगा।’’

उनका मानना है कि ऑफ-स्पिनर टेस्ट क्रिकेट में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और वनडे क्रिकेट में भी उनको सफलता मिली है लेकिन टी20 क्रिकेट में उनकी घटती भूमिका चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, "अगर इस पर गौर करें तो अश्विन आखिरी ऑफ-स्पिनर हैं जिन्हें टी20 क्रिकेट में सफलता मिली है। हमने ऑफ-स्पिनरों को टेस्ट क्रिकेट में सफलता हासिल करते हुए देखा है। वनडे में भी कुछ सफलता मिली है लेकिन टी20 में उतनी सफलता नहीं मिली है।"

उन्होंने कहा, "जब तक आप मुथैया मुरलीधरन की तरह गेंद को स्पिन करने में माहिर नहीं हैं, तब तक आप टी20 में सफल नहीं हो पाएंगे।" अश्विन ने भारत के लिए 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 72 विकेट लिए। आईपीएल में उन्होंने पांच अलग-अलग टीमों के लिए खेले गए 221 मैचों में 187 विकेट लेकर संन्यास लिया।

पटेल ने न्यूजीलैंड के मौजूदा टेस्ट कप्तान टॉम लैथम की प्रशंसा की, विशेष कर जिस तरह से वह स्पिन गेंदबाजों का उपयोग करते हैं उसे वह काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, "टॉम लैथम स्पिनरों के बहुत अच्छे कप्तान रहे हैं। उन्होंने लैथम ने मिचेल सैंटनर और एजाज पटेल दोनों का अच्छी तरह से उपयोग किया है।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article