बिजनेस

कैसे US Fed Rate से जुड़े Gold-Silver के दाम, क्या रेट बढ़ने पर सस्ता होगा सोना?

गोल्ड-सिल्वर के दाम फिलहाल करीब एक साल में निचले स्तर पर हैं। फिलहाल, दोनों कीमती धातुओं के लिए बॉन्ड यील्ड और फेड रेट एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

Image

सालभर के निचले स्तर के करीब गोल्ड सिल्वर

US Fed Rate Hike Impact on Gold-Silver : अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका ने दुनियाभर के गोल्ड और सिल्वर मार्केट में हलचल मचा दी है। इसका असर भारत में भी दिखाई दे रहा है। सोमवार, 16 नवंबर को MCX पर चांदी की कीमत करीब 4.50% टूटकर 1.70 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे आ गई। वहीं, सोना भी 1.16% गिरकर 1.34 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया। कमोडिटी ट्रेडर्स की नजरें अब अब दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) पर हैं। क्योंकि, अगर ब्याज दरें बढ़ीं, गोल्ड-सिल्वर पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

क्यों गिर रहे सोना-चांदी?

दरअसल, अमेरिकी महंगाई के ताजा आंकड़ों ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है। महंगाई के उम्मीद से ज्यादा रहने के बाद निवेशकों को लगने लगा है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ा सकता है। फेड गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर ने तो आधे फीसदी यानी 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना भी सामने रखी है। इस आशंका से अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ है और ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में भी तेजी आई है। इसका सीधा दबाव सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर पड़ा है। सोमवार को MCX पर चांदी का भाव 4.50% गिरकर 1,69,622 रुपये प्रति किलो रह गया। वहीं घरेलू हाजिर बाजार में सोना 1.16% टूटकर 1,33,974 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

अमेरिकी ब्याज दर से क्या रिश्ता?

जब अमेरिकी फेड ब्याज दरें बढ़ाता है तो सरकारी बॉन्ड और दूसरे ब्याज आधारित निवेश विकल्पों का आकर्षण बढ़ जाता है। ऐसे में निवेशकों का एक हिस्सा सोने से पैसा निकालकर इन विकल्पों में लगाने लगता है। इससे सोने की मांग कमजोर पड़ सकती है और कीमतों पर दबाव आता है। इसके उलट जब ब्याज दरें घटती हैं तो बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न कम होने की आशंका रहती है। ऐसे माहौल में सोने की चमक बढ़ सकती है। यही वजह है कि अमेरिकी फेड के हर ब्याज दर फैसले पर दुनियाभर के गोल्ड निवेशकों की नजर रहती है।

डॉलर की मजबूती का क्या असर?

सोने की कीमतों पर अमेरिकी डॉलर का भी बड़ा असर पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का कारोबार मुख्य रूप से डॉलर में होता है। जब अमेरिकी ब्याज दरें बढ़ती हैं तो डॉलर में निवेश का आकर्षण बढ़ सकता है। इससे डॉलर इंडेक्स मजबूत होता है। अब इसका असर समझिए। डॉलर मजबूत होने पर भारत जैसे देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार से सोना खरीदना महंगा पड़ सकता है, क्योंकि उन्हें सोने की कीमत चुकाने के लिए ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।

सोने से ज्यादा क्यों टूट रही है चांदी?

अमेरिकी ब्याज दरों की आशंका के बीच चांदी में सोने से ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। इसकी एक बड़ी वजह चांदी का दोहरा स्वरूप है। चांदी का इस्तेमाल निवेश के साथ-साथ इंडस्ट्रियल सेक्टर में भी होता है। सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल और कई अन्य उद्योगों में इसकी मांग रहती है। ऐसे में अगर वैश्विक आर्थिक गतिविधियों में कमजोरी आती है या इंडस्ट्रियल डिमांड घटने की आशंका बढ़ती है तो चांदी पर दोहरा दबाव बनता है।

कितना और गिर सकता है सोना-चांदी?

निवेशकों के लिए फिलहाल तकनीकी स्तरों पर नजर रखना जरूरी है। MCX पर चांदी के लिए 1.60 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर तत्काल सपोर्ट है। वहीं 1.85 लाख रुपये प्रति किलो पर रेजिस्टेंस है। सोने के लिए 1.30 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर सपोर्ट और 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर रेजिस्टेंस माना जा रहा है। इसका मतलब है कि अगर बिकवाली जारी रहती है, तो सोने-चांदी की कीमतों में और गिरावट की गुंजाइश बनी हुई है।

क्या अभी सोना खरीदना सही रहेगा?

Augmont की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल सोने और चांदी को लेकर सतर्क रुख अपनाने की जरूरत है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी फेड की नीति को लेकर तस्वीर साफ होने तक सोने में 4,000 डॉलर के आसपास आने वाली तेजी को बिकवाली के मौके के रूप में देखा जा सकता है। हालांकि, लंबी अवधि के निवेशक एकमुश्त निवेश करने के बजाय किस्तों में खरीदारी पर विचार कर सकते हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article