Thyroid Mistakes: हम सभी आजकल अपनी आसपास की महिलाओं में देखते हैं कि ज्यादातर में थायराइड की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इससे पीड़ित बहुत सी महिलाओं के साथ यह भी देखने को मिलता है कि वे नियमित रूप से दवा लेती हैं, फिर भी उन्हें वजन बढ़ना, बाल झड़ना, थकान, मूड स्विंग, कब्ज और दिमाग में धुंधलापन (ब्रेन फॉग) जैसी परेशानियां बनी रहती हैं। ऐसे में अक्सर लगता है कि दवा काम नहीं कर रही, जबकि कई बार इसकी वजह हमारी रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी आदतें होती हैं।
हेल्थ इन्फ्लूएंसर और आयुर्वेद की विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा भावसार का कहना है कि जरूरी नहीं थायराइड को सिर्फ दवा से नहीं कंट्रोल किया जा सकता है, बल्कि सही लाइफस्टाइल भी इसे मैनेज करने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं। उन्होंने कुछ ऐसी गलतियां भी बताई हैं, जिन्हें थायराइड से पीड़ित महिलाओं को भूलकर भी नहीं करना चाहिए। अगर आप भी थायराइड की मरीज हैं, तो इन 3 आम गलतियों से बचना बेहद जरूरी है।
नींद और तनाव को नजरअंदाज करना
थायराइड की समस्या में अच्छी नींद और तनाव पर नियंत्रण बहुत महत्वपूर्ण है। जब हम पर्याप्त नींद नहीं लेते या लगातार तनाव में रहते हैं, तो शरीर में तनाव से जुड़े हार्मोन बढ़ सकते हैं। इससे थकान, वजन बढ़ना, बाल झड़ना और सुस्ती जैसी समस्याएं और ज्यादा महसूस हो सकती हैं।
डॉ. दीक्षा सलाह देती हैं कि रोज 7 से 9 घंटे की अच्छी नींद लें। कोशिश करें कि रात 10:30 से 11 बजे तक सो जाएं। इसके अलावा योग, मेडिटेशन, गहरी सांस लेने की तकनीक और रोजाना टहलना तनाव कम करने में मदद कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Zero Calorie ड्रिंक्स का असली सच! क्या चीनी की जगह आर्टिफिशियल स्वीटनर वाली ड्रिंक पीना है सुरक्षित, डॉक्टर से जानिए
जरूरत से ज्यादा कठिन एक्सरसाइज करना
एक्सपर्ट बताती हैं कि बहुत सी महिलाएं वजन कम करने के लिए जरूरत से ज्यादा हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट (HIIT) करने लगती हैं। लेकिन थायराइड के मरीजों के लिए हर समय बहुत ज्यादा कठिन एक्सरसाइज फायदेमंद नहीं होती।
जब शरीर पहले से थकान और हार्मोनल असंतुलन से जूझ रहा हो, तब जरूरत से ज्यादा वर्कआउट शरीर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। इससे ऊर्जा बढ़ने की बजाय थकान और बढ़ सकती है। एक्सपर्ट्स सप्ताह में 2 से 3 बार स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, रोजाना अपनी क्षमता के अनुसार वॉक और योग जैसी गतिविधियों की सलाह देते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या डार्क चॉकलेट के साथ ब्लैक कॉफी पीने से तेजी से घटता है वजन, एक्सपर्ट से जानिए पूरी सच्चाई
दवा लेने के तुरंत बाद चाय-नाश्ता करना
यह एक ऐसी गलती है जो बहुत सी महिलाएं रोज करती हैं। थायराइड की दवा लेने के तुरंत बाद चाय, कॉफी, दूध या नाश्ता करने से दवा का असर कम हो सकता है। क्योंकि ये चीजें दवा के शरीर में सही तरीके से अवशोषित होने में बाधा डाल सकती हैं।
डॉ. दीक्षा के अनुसार थायराइड की दवा हमेशा खाली पेट सादे पानी के साथ लेनी चाहिए। दवा लेने के बाद कम से कम 45 से 60 मिनट तक चाय, कॉफी या नाश्ता नहीं करना चाहिए। वहीं कैल्शियम और आयरन सप्लीमेंट्स के साथ कम से कम 4 घंटे का अंतर रखना जरूरी है।
सिर्फ दवा नहीं लाइफस्टाइल भी है जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगर दवा लेने के बावजूद वजन बढ़ना, बाल झड़ना, कब्ज, अनियमित पीरियड्स, थकान या पाचन संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं, तो केवल लक्षणों को दबाने के बजाय जीवनशैली पर भी ध्यान देना चाहिए। संतुलित खानपान, पर्याप्त नींद, तनाव नियंत्रण और नियमित शारीरिक गतिविधि थायराइड को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद कर सकते हैं।
छोटी आदतें ला सकती हैं बड़ा बदलाव - Thyroid health tips
थायराइड एक ऐसी स्थिति है जिसमें रोज की छोटी-छोटी आदतें भी बड़ा असर डालती हैं। सही समय पर दवा लेना, पर्याप्त आराम करना और शरीर की क्षमता के अनुसार व्यायाम करना आपके ऊर्जा स्तर, मेटाबॉलिज्म और ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बना सकता है। इसलिए अगर आप थायराइड से जूझ रही हैं, तो इन तीन गलतियों से बचना शुरू करें और अपनी दिनचर्या में छोटे लेकिन जरूरी बदलाव लाएं।
