Thought of the day: आज शनिवार है। रोज की तरह आज भी हम आपके लिए एक अच्छा सुविचार लेकर आए हैं। यह सुविचार आपको पहले से बेहतर इंसान बनाने और आपकी समझ में एक कदम और इजाफा करने में मदद करेगा। आज का य सुविचार इंसानी रिश्तों की बहुत ही बड़ी सच्चाई को आसान शब्दों में बयां करता है। आज का सुविचार है:
"रिश्ता चाहे इस धरती पर कोई भी हो, सबका सिर्फ एक ही पासवर्ड है- भरोसा"
आज की दुनिया में हम अपने मोबाइल, बैंक अकाउंट और सोशल मीडिया को सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड लगाते हैं। पासवर्ड गलत हो तो सबसे जरूरी चीज भी हमारे लिए बंद हो जाती है। ठीक इसी तरह रिश्तों की दुनिया में भी एक ऐसा पासवर्ड है, जिसके बिना कोई भी रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सकता। वह पासवर्ड है- भरोसा।
मां-बाप और बच्चों का रिश्ता हो, पति-पत्नी का साथ हो, दोस्ती हो या फिर किसी सहकर्मी से जुड़ाव, हर रिश्ते की नींव भरोसे पर टिकी होती है। जहां भरोसा होता है, वहां शब्दों से ज्यादा खामोशियां समझी जाती हैं। वहां हर बात का सबूत नहीं देना पड़ता और हर कदम पर सफाई नहीं देनी पड़ती।
भरोसा रिश्तों को मजबूती देता है। यह वह एहसास है जो हमें यह विश्वास दिलाता है कि सामने वाला व्यक्ति हमारे साथ है, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों। जब किसी रिश्ते में भरोसा होता है, तो दूरियां भी रिश्ते को कमजोर नहीं कर पातीं। लेकिन जब भरोसा टूट जाता है, तब पास रहकर भी लोग एक-दूसरे से बहुत दूर हो जाते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि भरोसा एक दिन में नहीं बनता। इसे बनाने में सालों लग जाते हैं, लेकिन इसे टूटने में केवल कुछ पल ही काफी होते हैं। एक झूठ, एक धोखा या एक टूटा हुआ वादा कई बार उस विश्वास को खत्म कर देता है, जिसे बनाने में पूरी जिंदगी लग गई थी।
रिश्तों में सबसे बड़ी खूबसूरती यह नहीं कि लोग हमेशा साथ रहें, बल्कि यह है कि वे एक-दूसरे पर आंख बंद करके भरोसा कर सकें। क्योंकि जहां भरोसा होता है, वहां डर नहीं होता। वहां शक की जगह सुकून होता है और असुरक्षा की जगह अपनापन।
इसलिए अगर किसी रिश्ते को लंबे समय तक जीवित रखना है, तो उसमें प्यार के साथ-साथ भरोसे को भी संभालकर रखना होगा। प्यार रिश्ते को खूबसूरत बनाता है, लेकिन भरोसा उसे टिकाऊ बनाता है। सच तो यह है कि इस दुनिया का हर रिश्ता उसी पासवर्ड से खुलता है, जिसका नाम है- भरोसा।
