लाइफस्टाइल

Thought Of The Day: हर बात का जवाब... आज के सुविचार में छुपा है आपकी कई समस्याओं का हल

Thought Of The Day: हर बात का जवाब देना और हर बहस को जीतना जरूरी नहीं होता है। हम आपको बताएं कि कैसे कभी-कभी मौन हो जाना आपकी समस्याओं का समाधान बन जाता है। आगे पढ़ें आज का सुविचार...

Image

आज का सुविचार

Thought Of The Day: आज के दौर में अपनी बात कहना जितना आसान हो गया है, उतना ही मुश्किल सही समय पर चुप रहना होता जा रहा है। सोशल मीडिया पर हर मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने की होड़ हो या फिर घर-परिवार और दफ्तर में हर बात का जवाब देने की आदत, कई बार हमारे शब्द समस्या को सुलझाने के बजाय और उलझा देते हैं। ऐसे में एक पुराना लेकिन बेहद गहरा सुविचार याद आता है-

आज का सुविचार - 'हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं, मौन भी देता है कई समस्याओं का समाधान।'

जी हां मौन का अर्थ कमजोरी या डर नहीं, बल्कि परिस्थितियों को समझने और सही समय का इंतजार करने की परिपक्वता है। कई बार कुछ पल की खामोशी उन विवादों को खत्म कर देती है, जिन्हें लंबे तर्क भी नहीं सुलझा पाते हैं। आइए आज के सुविचार के आधार पर विस्तार से समझते हैं मौन की असली ताकत (Power of Silence)

हर जगह बोलना समझदारी नहीं

हम अक्सर मान लेते हैं कि यदि हमने अपनी बात नहीं रखी तो लोग हमें कमजोर समझेंगे। लेकिन सच्चाई इससे बहुत अलग है। हर बहस जीतना जरूरी नहीं होता और हर आरोप का जवाब देना भी आवश्यक नहीं होता है। कई बार सामने वाला व्यक्ति समाधान नहीं, बल्कि सिर्फ बहस चाहता है। ऐसे समय पर मौन सबसे प्रभावी उत्तर बन सकता है।

यही कारण है कि अनुभवी और सफल लोग हर स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले सुनना, समझना और फिर बोलना पसंद करते हैं।

मौन से बचते हैं रिश्ते

गुस्से में बोले गए शब्द अक्सर वर्षों पुराने रिश्तों में दरार डाल देते हैं। एक बार निकले हुए शब्द वापस नहीं आते, लेकिन कुछ पल का मौन कई कटु वाक्यों को जन्म लेने से रोक सकता है।

यही कारण है कि पति-पत्नी, माता-पिता और बच्चों या दोस्तों के बीच होने वाले अधिकांश विवाद आवेश में कही गई बातों से बढ़ते हैं। यदि किसी एक पक्ष ने कुछ देर के लिए मौन धारण कर लिया, तो अक्सर स्थिति अपने आप शांत होने लगती है। क्योंकि बाद में वही बातचीत अधिक समझदारी और सम्मान के साथ की जा सकती है।

कब बोलना और कब चुप रहना जरूरी है..

मौन का मतलब यह नहीं कि हर अन्याय या गलत बात को स्वीकार किया जाए। जहां किसी के अधिकार, सम्मान या सुरक्षा का सवाल हो, वहां आवाज उठाना जरूरी है। लेकिन यदि सामने वाला केवल गुस्से में है, भावनाओं में बह रहा है या आपकी बात सुनने की स्थिति में नहीं है, तो उस समय तर्क देने के बजाय शांत रहना अधिक बुद्धिमानी होती है।

सही समय पर कही गई छोटी-सी बात भी बड़ा प्रभाव छोड़ती है, जबकि गलत समय पर बोले गए लंबे भाषण का कोई अर्थ नहीं रह जाता।

मौन से मिलेगी मानसिक शांति

हमारी लगातार रिएक्शन देने की आदत मन को थका देती है। हर आलोचना, हर टिप्पणी और हर मतभेद पर जवाब देने का दबाव मानसिक तनाव बढ़ाता है। इसके विपरीत, जब हम यह स्वीकार कर लेते हैं कि हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है और हर बात का उत्तर देना हमारी जिम्मेदारी नहीं, तब मन अपने-आप हल्का महसूस करने लगता है।

मौन हमें अपनी भावनाओं को समझने, सोचने और सही निर्णय लेने का अवसर देता है। यही आत्मसंयम धीरे-धीरे आत्मविश्वास में बदल जाता है।

इसमें छुपी है जीवन की सबसे बड़ी सीख

मौन का अर्थ हार मान लेना नहीं, बल्कि परिस्थितियों पर स्वयं का कंट्रोल बनाए रखना है। जो व्यक्ति अपनी वाणी पर संयम रख सकता है, वही अपने व्यवहार और निर्णयों पर भी बेहतर नियंत्रण रखता है। इसलिए अगली बार जब कोई अनावश्यक बहस, कटु टिप्पणी या उकसाने वाली स्थिति सामने आए, तो तुरंत जवाब देने से पहले एक पल रुककर सोचिए। हो सकता है उस समय आपका मौन ही सबसे प्रभावशाली उत्तर साबित हो।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article